CG News: छत्तीसगढ़ पावर जनरेशन कंपनी की लिस्टिंग से बढ़ेगा ऊर्जा क्षेत्र में निवेश
CG News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सरकार ने राज्य की ऊर्जा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए बड़ा फैसला लिया है. छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी लिमिटेड यानी CSPGCL को स्टॉक एक्सचेंज में सूचीबद्ध करने की तैयारी की जा रही है. इसके लिए कंपनी 200 करोड़ रुपये तक के नॉन कन्वर्टिबल डिबेंचर और बॉन्ड जारी करेगी. सरकार मूलधन और ब्याज भुगतान की गारंटी भी देगी.
बिजली उत्पादन क्षमता में कंपनी की अहम भूमिका
CSPGCL वर्तमान में चार तापीय और एक जल विद्युत संयंत्रों के माध्यम से कुल 2960 मेगावाट बिजली उत्पादन कर रही है. इसमें तापीय संयंत्रों की क्षमता 2840 मेगावाट और जल विद्युत परियोजना की क्षमता 120 मेगावाट है. राज्य की कुल स्थापित बिजली उत्पादन क्षमता में कंपनी की हिस्सेदारी करीब 11 प्रतिशत है.
कंपनी के प्रमुख बिजली संयंत्र
CSPGCL के पास कोरबा स्थित हसदेव ताप विद्युत गृह, कोरबा वेस्ट ताप विद्युत गृह, डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी ताप विद्युत गृह और जांजगीर चांपा स्थित अटल बिहारी वाजपेयी ताप विद्युत गृह शामिल हैं. इसके अलावा मिनीमाता हसदेव बांगो जलविद्युत परियोजना भी कंपनी के प्रमुख ऊर्जा स्रोतों में शामिल है.
नई परियोजनाओं पर बढ़ेगा निवेश
कंपनी ने वर्ष 2026-27 से 2029-30 तक के लिए पूंजी निवेश योजना तैयार की है. इसमें पुराने संयंत्रों के आधुनिकीकरण, पर्यावरण सुरक्षा और नई उत्पादन क्षमता बढ़ाने पर जोर दिया गया है. हसदेव ताप विद्युत गृह कोरबा में 2×660 मेगावाट सुपरक्रिटिकल यूनिट स्थापित करने की योजना भी प्रस्तावित है.
हरित ऊर्जा और आधुनिक तकनीक पर फोकस
CSPGCL अपने ताप विद्युत संयंत्रों में FGD प्रणाली लगाने का काम कर रही है, जिससे प्रदूषण नियंत्रण में मदद मिलेगी. इसके साथ पुराने संयंत्रों के नवीनीकरण और सौर ऊर्जा परियोजनाओं के विस्तार पर भी काम किया जा रहा है. सरकार का मानना है कि इस कदम से ऊर्जा क्षेत्र में निवेश बढ़ेगा और राज्य की बिजली व्यवस्था और मजबूत होगी.



