CG News: साय कैबिनेट के अहम निर्णय, 500 करोड़ के AI मिशन सहित कई प्रस्तावों को मंजूरी
CG News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में छत्तीसगढ़ राज्य आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस मिशन को मंजूरी दी गई है. यह मिशन पांच साल के लिए लागू होगा और इसके लिए 500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है. इसका उद्देश्य सुशासन, डिजिटल अर्थव्यवस्था, नई तकनीक और युवाओं के कौशल विकास को बढ़ावा देना है.
AI डेटा लैब और प्रशिक्षण पर रहेगा जोर
AI मिशन के तहत प्रदेश में 100 AI डेटा लैब स्थापित की जाएंगी और 5 सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बनाए जाएंगे. इसके अलावा 300 से अधिक AI स्टार्टअप को सहायता दी जाएगी. करीब 6 लाख विद्यार्थियों और 1.5 लाख सरकारी कर्मचारियों को AI का प्रशिक्षण देने की योजना है, जिससे प्रशासनिक कामकाज को और तेज बनाया जा सकेगा.

BEML संयंत्र से बढ़ेगा औद्योगिक विकास
कैबिनेट ने छत्तीसगढ़ में हैवी अर्थ मूविंग इक्वीपमेंट मैन्युफैक्चरिंग संयंत्र की स्थापना के लिए BEML को भूमि आवंटन के प्रस्ताव को मंजूरी दी है. यह राज्य का पहला ऐसा उद्योग होगा. इससे बड़े निवेश को बढ़ावा मिलेगा, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बनेंगे और MSME सेक्टर को भी फायदा मिलने की उम्मीद है.
निर्माण कार्यों में आएगी डिजिटल पारदर्शिता
लोक निर्माण विभाग में निर्माण कार्यों के डिजिटल प्रबंधन के लिए WAMIS प्रणाली लागू करने के प्रस्ताव को मंजूरी मिली है. इस व्यवस्था से ई प्राक्कलन, ई प्रोक्योरमेंट, बिल भुगतान, गुणवत्ता निगरानी और कार्यों की समीक्षा एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म से होगी. इससे निर्माण कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ेगी.
ग्रामीण सड़कों और वित्तीय व्यवस्था में बदलाव
कैबिनेट ने मुख्यमंत्री ग्राम सड़क एवं विकास योजना के दिशा निर्देशों में संशोधन को मंजूरी दी है. इसके तहत ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क और नाली निर्माण के दायरे को बढ़ाया जाएगा. साथ ही S-SNA मॉडल लागू करने का फैसला लिया गया है, जिससे सरकारी योजनाओं की राशि का उपयोग अधिक सुरक्षित और पारदर्शी तरीके से किया जा सकेगा.
अंजोर विजन और ऊर्जा क्षेत्र को नई मजबूती
बैठक में छत्तीसगढ़ अंजोर विजन 2047 के लिए ADB से 15 करोड़ रुपये के अनुदान को मंजूरी दी गई है. इसके साथ ही CSPGCL को 200 करोड़ रुपये तक के बॉन्ड जारी करने की अनुमति दी गई है. इन फैसलों से निवेश, ऊर्जा विकास और राज्य की आर्थिक व्यवस्था को नई दिशा मिलने की उम्मीद है.



