CG News: सूबेदार और उप निरीक्षक भर्ती में बड़ा अपडेट, मेन्स परीक्षा की तारीख घोषित
CG News: छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने गृह पुलिस विभाग की सूबेदार, उप निरीक्षक संवर्ग और प्लाटून कमांडर भर्ती 2024 के प्रीलिम्स परीक्षा का रिजल्ट जारी कर दिया है. इस परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को अब मुख्य परीक्षा में शामिल होने का मौका मिलेगा. आयोग ने कुल 7301 उम्मीदवारों का अस्थायी चयन किया है.

341 पदों के लिए हुआ चयन
इस भर्ती प्रक्रिया के तहत कुल 341 पदों को भरा जाएगा. नियमों के अनुसार 20 गुना यानी 6820 अभ्यर्थियों का चयन होना था, लेकिन वर्गवार और उपवर्गवार उपलब्धता को देखते हुए आयोग ने कुल 7301 उम्मीदवारों को मेन्स परीक्षा के लिए चुना है. चयन प्रीलिम्स परीक्षा में मिले अंकों के आधार पर किया गया है.
जुलाई में हुई थी प्रारंभिक परीक्षा
CGPSC की प्रारंभिक परीक्षा 12 जुलाई 2026 को आयोजित की गई थी. प्रदेश के सभी 33 जिलों में बनाए गए 183 परीक्षा केंद्रों पर बड़ी संख्या में अभ्यर्थी शामिल हुए थे. अब सफल उम्मीदवार मुख्य परीक्षा की तैयारी में जुट गए हैं और आयोग ने आगे की प्रक्रिया की जानकारी जारी कर दी है.
अक्टूबर में होगी मेन्स परीक्षा
आयोग के अनुसार सूबेदार, उप निरीक्षक संवर्ग और प्लाटून कमांडर भर्ती 2024 की मुख्य परीक्षा 24, 25 और 26 अक्टूबर 2026 को आयोजित की जाएगी. मेन्स परीक्षा में शामिल होने के लिए चयनित अभ्यर्थियों को अलग से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी करनी होगी. इसकी विस्तृत जानकारी आयोग की वेबसाइट पर जारी की जाएगी.
मेन्स के बाद होगा फिजिकल टेस्ट
मुख्य परीक्षा के बाद आयोग परिणाम जारी करेगा. सफल अभ्यर्थियों को अगले चरण में शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए बुलाया जाएगा. फिजिकल टेस्ट की तारीख और जरूरी निर्देश बाद में जारी किए जाएंगे. आयोग ने उम्मीदवारों से सलाह दी है कि वे केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करें और किसी भी अफवाह से बचें.



