CG News: धरसींवा को मिली अत्याधुनिक एम्बुलेंस, CM साय ने दिखाई हरी झंडी
CG News: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास से धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के लिए निःशुल्क अत्याधुनिक एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, पूजा अर्चना के बाद उन्होंने चालक को चाबी सौंपी, इस दौरान धरसींवा विधायक अनुज शर्मा और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे.

समय पर इलाज को बताया सबसे जरूरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी मरीज के लिए इलाज के शुरुआती पल सबसे महत्वपूर्ण होते हैं, समय पर अस्पताल पहुंचने से गंभीर मरीजों की जान बचाई जा सकती है, उन्होंने विश्वास जताया कि यह एम्बुलेंस गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों, सड़क दुर्घटना में घायलों और गंभीर मरीजों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगी.

स्वास्थ्य सेवाओं को लगातार किया जा रहा मजबूत
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य हर नागरिक तक गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है, इसके लिए अस्पतालों का उन्नयन, आधुनिक चिकित्सा उपकरण, विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति, दवाओं की उपलब्धता और आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है.
DMF से मिली 19.65 लाख की एम्बुलेंस
धरसींवा विधायक अनुज शर्मा ने बताया कि क्षेत्र में लंबे समय से आधुनिक एम्बुलेंस की जरूरत महसूस की जा रही थी, इसी को देखते हुए जिला खनिज न्यास निधि यानी DMF से करीब 19.65 लाख रुपए की लागत से यह अत्याधुनिक एम्बुलेंस उपलब्ध कराई गई है.
24 घंटे मिलेगी निःशुल्क सेवा
यह एम्बुलेंस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धरसींवा से संचालित होगी और 24 घंटे निःशुल्क सेवा देगी, गंभीर मरीजों को रेफरल अस्पतालों तक सुरक्षित और समय पर पहुंचाने में यह महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी, जिससे क्षेत्र के हजारों लोगों को बेहतर आपातकालीन स्वास्थ्य सुविधा का लाभ मिलेगा.




