CG News: गरियाबंद के गणेश निषाद का अनोखा अभियान, साइकिल से पूरे देश में फैला रहे जागरूकता
CG News: छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के राजिम क्षेत्र के बोरसी गांव निवासी 27 वर्षीय गणेश निषाद पिछले सात महीनों से साइकिल पर पूरे भारत की यात्रा कर रहे हैं, उनका उद्देश्य नशामुक्त भारत, पर्यावरण संरक्षण, फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति लोगों को जागरूक करना है, सीमित संसाधनों के बावजूद उनका अभियान लगातार आगे बढ़ रहा है.

नौ हजार किलोमीटर का सफर पूरा
गणेश निषाद ने अपनी यात्रा 1 जनवरी 2026 को गुजरात से शुरू की थी, अब तक वे गुजरात, राजस्थान, हरियाणा, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश समेत पांच राज्यों में करीब 9 हजार किलोमीटर की दूरी साइकिल से तय कर चुके हैं, वर्तमान में वे गोरखपुर में हैं और आगे प्रयागराज, वाराणसी, मथुरा, वृंदावन और दिल्ली की यात्रा करेंगे.
फिटनेस और पर्यावरण को बना रहे मिशन
यात्रा के दौरान गणेश युवाओं को नशे से दूर रहने, नियमित व्यायाम करने और साइकिल अपनाने का संदेश दे रहे हैं, उनका मानना है कि स्वस्थ शरीर और स्वच्छ पर्यावरण बेहतर भविष्य की नींव हैं, वे जहां भी पहुंचते हैं वहां स्थानीय लोगों से संवाद कर फिटनेस और सकारात्मक जीवनशैली के लिए प्रेरित करते हैं.
डॉ. रमन सिंह ने बढ़ाया हौसला
गणेश निषाद की प्रेरणादायक यात्रा से प्रभावित होकर पूर्व मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने उन्हें फोन कर शुभकामनाएं दीं, उन्होंने गणेश के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि यह युवा पूरे देश में छत्तीसगढ़ का नाम रोशन कर रहा है और जरूरत पड़ने पर हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिया.
हजारों युवाओं के लिए बन रहे प्रेरणा
गणेश का कहना है कि यह यात्रा केवल उनकी नहीं बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व है, वे देशभर में छत्तीसगढ़ की संस्कृति और लोक परंपराओं का परिचय भी लोगों को दे रहे हैं, उनका अभियान आज हजारों युवाओं के लिए प्रेरणा बन चुका है और समाज में सकारात्मक बदलाव का संदेश दे रहा है.




