CG News: रायपुर से ‘नशा मुक्त युवा विकसित भारत संकल्प अभियान’ की शुरुआत, राज्यपाल और मुख्यमंत्री की मौजूदगी में युवाओं ने ली शपथ
CG News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर शुरू हुए ‘नशा मुक्त युवा विकसित भारत संकल्प अभियान’ के तहत राजधानी रायपुर के लोक भवन में राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, छात्र-छात्राओं, युवाओं, स्वयंसेवी संगठनों और विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया. सभी ने नशामुक्त भारत के निर्माण और समाज को नशे के दुष्प्रभावों से मुक्त बनाने का संकल्प लिया.

प्रधानमंत्री मोदी ने युवाओं से किया आह्वान
नई दिल्ली से वर्चुअल माध्यम से जुड़े प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 100 सप्ताह तक चलने वाले इस राष्ट्रव्यापी अभियान का शुभारंभ किया. उन्होंने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति को नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है. प्रधानमंत्री ने युवाओं से नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा, प्रतिभा और क्षमता का उपयोग राष्ट्र निर्माण में करने तथा अपने परिवार और समाज को भी जागरूक करने की अपील की.

लोक भवन में दिलाई गई नशामुक्ति की शपथ
लोक भवन में प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण किया गया, जिसे बड़ी संख्या में मौजूद युवाओं ने देखा. राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में सभी प्रतिभागियों ने नशामुक्ति की शपथ ली. कार्यक्रम में नशीले पदार्थों के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक दुष्प्रभावों की जानकारी भी दी गई और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया.
100 सप्ताह तक चलेंगे जागरूकता कार्यक्रम
यह अभियान 2 अगस्त 2026 से शुरू होकर अगले 100 सप्ताह तक पूरे देश में संचालित किया जाएगा. इसके तहत स्कूलों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों, एनएसएस, एनसीसी, माय भारत युवा संगठन और अन्य संस्थाओं के सहयोग से शपथ कार्यक्रम, रैलियां, पोस्टर प्रतियोगिता, वाद-विवाद, निबंध लेखन, नुक्कड़ नाटक, सांस्कृतिक कार्यक्रम, लघु फिल्म प्रदर्शन और सोशल मीडिया अभियान जैसे कई आयोजन किए जाएंगे.

युवाओं की भागीदारी से बनेगा विकसित भारत
अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना, उन्हें सकारात्मक जीवन मूल्यों से जोड़ना और विकसित भारत के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है. कार्यक्रम में विधायक पुरंदर मिश्रा, राज्यपाल के सचिव डॉ. सी. आर. प्रसन्ना, विधिक सलाहकार सत्यभामा अजय दुबे, रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे.



