CG News: धमतरी में AI प्रशिक्षित 100 युवाओं को सम्मान, वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने 10-10 हजार रुपए प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा
CG News: धमतरी में आयोजित ‘नशामुक्त युवा–विकसित भारत संकल्प अभियान’ के दौरान प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI का प्रशिक्षण पूरा करने वाले 100 युवाओं को प्रमाण-पत्र वितरित किए. इस अवसर पर उन्होंने प्रत्येक युवा को 10-10 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की. इस योजना के तहत कुल 10 लाख रुपए युवाओं को दिए जाएंगे.

नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की ताकत
मराठा मंगल भवन में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री ओपी चौधरी ने युवाओं को नशामुक्ति की शपथ दिलाई. उन्होंने कहा कि नशे से दूर रहकर शिक्षा, तकनीक, नवाचार और उद्यमिता को अपनाने वाले युवा ही वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे. उन्होंने युवाओं से अपने कौशल को देश के विकास में लगाने की अपील भी की.

प्रधानमंत्री मोदी का संबोधन भी हुआ प्रसारित
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लाइव संबोधन भी प्रसारित किया गया. अपने संदेश में प्रधानमंत्री ने युवाओं से नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया. उन्होंने युवाओं को देश की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने का संदेश दिया.
नई तकनीक और रोजगार पर दिया जोर
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि भारत दुनिया के सबसे युवा देशों में शामिल है और यही युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी पूंजी है. उन्होंने सोशल मीडिया के सकारात्मक उपयोग, नई तकनीकों को अपनाने और AI जैसे आधुनिक क्षेत्रों में कौशल विकसित कर रोजगार के नए अवसर हासिल करने पर विशेष जोर दिया.
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में सांसद रूपकुमारी चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सर्वा, महापौर रामू रोहरा, पूर्व विधायक रंजना साहू, कलेक्टर अबिनाश मिश्रा सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे. सभी ने नशामुक्त समाज और विकसित भारत के निर्माण का संकल्प लेते हुए युवाओं का उत्साह बढ़ाया.




