CG News: केंद्र सरकार से छत्तीसगढ़ को 3,602 करोड़ रुपए की सौगात, विकास कार्यों को मिलेगी नई रफ्तार
CG News: केंद्र सरकार ने सभी राज्यों को कर हस्तांतरण के तहत 1,09,019 करोड़ रुपए जारी किए हैं. इसमें छत्तीसगढ़ को 3,602 करोड़ रुपए की राशि मिली है. इस फैसले पर राज्य के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार व्यक्त करते हुए इसे राज्य के विकास के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया है.
विकास योजनाओं को मिलेगी नई गति
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि कर हस्तांतरण की यह राशि राज्य में अधोसंरचना विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन और अन्य विकास कार्यों को गति देने में अहम भूमिका निभाएगी. उन्होंने कहा कि समय पर मिलने वाली वित्तीय सहायता से विकास परियोजनाओं को तेजी से पूरा करने में मदद मिलेगी.
सहकारी संघवाद को मिलेगा और बल
ओपी चौधरी ने कहा कि केंद्र सरकार का यह फैसला सहकारी संघवाद की भावना को और मजबूत करता है. उनके अनुसार केंद्र लगातार राज्यों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और समय पर कर हस्तांतरण से राज्यों की वित्तीय स्थिति मजबूत होती है, जिससे योजनाओं का लाभ आम लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकता है.
विकास के नए आयाम स्थापित करेगा छत्तीसगढ़
वित्त मंत्री ने विश्वास जताया कि केंद्र सरकार के सहयोग से छत्तीसगढ़ विकास के नए आयाम स्थापित करेगा. उन्होंने कहा कि इस वित्तीय सहायता से राज्य की विकास योजनाओं को मजबूती मिलेगी और छत्तीसगढ़ समृद्ध एवं विकसित राज्य बनने की दिशा में और तेजी से आगे बढ़ेगा.




