CG News: PMGSY-IV में बस्तर के लिए विशेष प्रावधान की मांग, केंद्र से मिला सकारात्मक संकेत
CG News: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नई दिल्ली में केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात कर बस्तर संभाग के दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों में सड़क संपर्क मजबूत करने की मांग उठाई, बैठक में गृह मंत्री विजय शर्मा, ग्रामीण विकास मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी और मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव भी मौजूद रहे.

10 किलोमीटर क्लस्टर बनाने का प्रस्ताव
मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर के कई गांव घने जंगलों और पहाड़ी क्षेत्रों में बसे हैं, मौजूदा नियमों के तहत केवल 500 मीटर की दूरी तक की बसाहटों को एक क्लस्टर माना जाता है, उन्होंने अरुणाचल प्रदेश की तर्ज पर बस्तर में 10 किलोमीटर की परिधि तक की बसाहटों को एक क्लस्टर मानने की विशेष अनुमति देने का आग्रह किया.
अधिक गांवों को मिलेगा सड़क का लाभ
मुख्यमंत्री का कहना है कि यदि यह प्रस्ताव मंजूर होता है तो बस्तर के कई ऐसे गांव भी प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से जुड़ सकेंगे, जो अभी भौगोलिक कठिनाइयों के कारण सड़क सुविधा से वंचित हैं, इससे आदिवासी और दूरस्थ क्षेत्रों में आवागमन और विकास को नई गति मिलेगी.
केंद्र सरकार ने दिया सकारात्मक संकेत
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री के प्रस्ताव को गंभीरता से सुना और इस पर सकारात्मक विचार करने का भरोसा दिया, उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार जनजातीय और दूरस्थ क्षेत्रों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है और राज्य सरकार के प्रस्ताव पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
बस्तर के विकास को मिलेगी नई रफ्तार
अगर केंद्र सरकार इस विशेष व्यवस्था को मंजूरी देती है तो बस्तर के सैकड़ों गांवों तक सड़क पहुंचाने का रास्ता आसान हो जाएगा, इससे शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और सरकारी सेवाओं तक लोगों की पहुंच बेहतर होगी, साथ ही क्षेत्र के समग्र विकास को भी नई गति मिलने की उम्मीद है.




