CG News: एकलव्य संवाद में मुख्यमंत्री साय ने NEET सफल विद्यार्थियों को किया सम्मानित, बोले- लक्ष्य बड़ा रखिए, सफलता जरूर मिलेगी
CG News: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में आयोजित एकलव्य संवाद कार्यक्रम में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों के नीट-2026 में सफल विद्यार्थियों से मुलाकात की. उन्होंने सभी विद्यार्थियों को सफलता पर बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि केवल व्यक्तिगत नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ और जनजातीय समाज के लिए गर्व की बात है. उन्होंने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दीं.
निरंतर अभ्यास और आत्मविश्वास से मिलती है सफलता
मुख्यमंत्री ने कहा कि एकलव्य का जीवन कठिन परिस्थितियों में भी लक्ष्य के प्रति समर्पण और अनुशासन का सबसे बड़ा उदाहरण है. उन्होंने विद्यार्थियों से एकलव्य की तरह अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करने और निरंतर अभ्यास के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि आत्मविश्वास, कड़ी मेहनत और अनुशासन ही सफलता की सबसे मजबूत नींव हैं.
गुरु का सम्मान और सेवा भाव को बताया सबसे बड़ा संस्कार
मुख्यमंत्री ने संत कबीर के प्रसिद्ध दोहे का उल्लेख करते हुए गुरु के महत्व को समझाया. उन्होंने कहा कि गुरु ही जीवन की सही दिशा दिखाते हैं और उनके प्रति सम्मान हर विद्यार्थी का कर्तव्य है. डॉक्टर बनने जा रहे विद्यार्थियों से उन्होंने कहा कि अच्छा व्यवहार, संवेदनशीलता और सेवा भाव ही एक सफल चिकित्सक की सबसे बड़ी पहचान होती है.
शिक्षा के क्षेत्र में बढ़े अवसर, मेडिकल कॉलेजों का हुआ विस्तार
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य में शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक बदलाव हुए हैं. प्रदेश में अब 15 मेडिकल कॉलेज संचालित हैं और पांच नए शासकीय मेडिकल कॉलेज शुरू किए जा रहे हैं. उन्होंने बताया कि आईआईटी, ट्रिपल आईटी, राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय और केंद्रीय विश्वविद्यालय जैसे संस्थानों के माध्यम से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर मिल रहे हैं.
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बढ़ाई जा रहीं सुविधाएं
मुख्यमंत्री ने बताया कि दिल्ली स्थित ट्राइबल यूथ हॉस्टल की क्षमता 50 से बढ़ाकर 200 सीट कर दी गई है. यहां विद्यार्थियों को निःशुल्क आवास और भोजन के साथ यूपीएससी, मेडिकल और इंजीनियरिंग जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाती है. उन्होंने बताया कि इस वर्ष इसी हॉस्टल के 13 विद्यार्थियों ने संघ लोक सेवा आयोग की प्रारंभिक परीक्षा उत्तीर्ण की है, मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेशभर में 34 नालंदा परिसर स्थापित किए गए हैं, जहां विद्यार्थी सप्ताह के सातों दिन चौबीसों घंटे अध्ययन कर सकते हैं. सरकार छात्रवृत्ति, शिक्षा ऋण, मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान और श्रमिक परिवारों के बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता जैसी योजनाओं के माध्यम से विद्यार्थियों को हरसंभव सहयोग प्रदान कर रही है.
नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शिक्षा को मिल रही नई दिशा
मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर सहित नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में अब तेजी से शिक्षा और विकास कार्य आगे बढ़ रहे हैं. बंद पड़े विद्यालयों को दोबारा शुरू किया जा रहा है और जगरगुंडा तथा ओरछा में आधुनिक एजुकेशन सिटी विकसित की जा रही है. उनका कहना था कि दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी अब गुणवत्तापूर्ण शिक्षा अपने क्षेत्र में ही उपलब्ध कराई जाएगी.
विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में युवाओं की होगी अहम भूमिका
कार्यक्रम के समापन पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विद्यार्थियों से कहा कि वे अपनी प्रतिभा, ज्ञान और संस्कार के बल पर समाज की सेवा करें. उन्होंने युवाओं से खूब पढ़ने, आगे बढ़ने और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया. मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि इन विद्यार्थियों की सफलता आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी.



