CG News: छत्तीसगढ़ में स्मार्ट मीटर से बिजली खपत पर नजर, पारदर्शी बिलिंग और बचत में मिल रही मदद
CG News: छत्तीसगढ़ में स्मार्ट मीटर व्यवस्था बिजली उपभोक्ताओं के लिए एक प्रभावी सुविधा बन रही है. अब उपभोक्ता मोबाइल के जरिए रियल टाइम में अपनी बिजली खपत की जानकारी देख पा रहे हैं. स्मार्ट मीटर और मोर बिजली ऐप की मदद से लोग यह समझ पा रहे हैं कि किस समय कितनी बिजली खर्च हो रही है. इससे अनावश्यक बिजली उपयोग को नियंत्रित करने और बचत की आदत विकसित करने में मदद मिल रही है.
हर 30 मिनट में मिलती है बिजली खपत की जानकारी
स्मार्ट मीटर के जरिए उपभोक्ता हर 30 मिनट में अपनी बिजली खपत का रिकॉर्ड प्राप्त कर सकते हैं. मोर बिजली मोबाइल ऐप से घर बैठे यह जानकारी मिल जाती है कि कौन से उपकरण ज्यादा बिजली खर्च कर रहे हैं और किस समय खपत बढ़ रही है. इसके आधार पर उपभोक्ता अपनी जरूरत के अनुसार बिजली उपयोग को नियंत्रित कर रहे हैं और बिजली बचाने की दिशा में कदम उठा रहे हैं.
सटीक रीडिंग से पारदर्शी हुई बिलिंग व्यवस्था
स्मार्ट मीटर पूरी तरह ऑटोमेटेड प्रणाली पर काम करते हैं, जिससे मैन्युअल मीटर रीडिंग की जरूरत खत्म हो गई है. इससे गलत रीडिंग और बिलिंग संबंधी परेशानियों में कमी आई है. विद्युत विभाग के अनुसार, स्मार्ट मीटर वास्तविक बिजली खपत के आधार पर बिल तैयार करते हैं, जिससे उपभोक्ताओं को अधिक पारदर्शी, सटीक और भरोसेमंद बिलिंग सुविधा मिल रही है.
उपभोक्ता खुद कर पा रहे बिजली खपत की निगरानी
रायगढ़ निवासी मोहन सोनी का कहना है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद वे मोबाइल ऐप के माध्यम से कभी भी बिजली खपत और मीटर रीडिंग देख सकते हैं. इससे उन्हें यह समझने में आसानी होती है कि किस समय बिजली की खपत ज्यादा हुई और किन तरीकों से इसे कम किया जा सकता है. वहीं बिजली उपयोग को नियंत्रित करने में भी मदद मिल रही है, राजनांदगांव निवासी संजय तेजवानी के अनुसार, स्मार्ट मीटर से रोजाना बिजली खपत का रिकॉर्ड मिल जाता है. इससे किसी भी उपकरण के इस्तेमाल से होने वाली बिजली खपत का अनुमान लगाना आसान हो गया है. उपभोक्ता अब अपनी जरूरत के अनुसार बिजली उपयोग की योजना बना रहे हैं और अनावश्यक खर्च को कम करने के प्रयास कर रहे हैं.
आंकड़ों में भी दिखी बिजली खपत में कमी
छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के विश्लेषण के अनुसार, उपभोक्ताओं में जागरूकता बढ़ने और बिजली उपयोग पर निगरानी रखने से कई शहरों में खपत में कमी दर्ज की गई है. रायपुर में जून की तुलना में जुलाई के दौरान घरेलू उपभोक्ताओं की कुल बिजली खपत में करीब 28 प्रतिशत की कमी आई. वहीं 400 यूनिट से अधिक बिजली उपयोग करने वाले उपभोक्ताओं की खपत में लगभग 44 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई.
स्मार्ट मीटर से बढ़ रही बिजली बचत की आदत
विशेषज्ञों के अनुसार, बिजली बचत के लिए तकनीक के साथ उपभोक्ताओं की जागरूकता भी जरूरी है. स्मार्ट मीटर से मिलने वाली नियमित जानकारी लोगों को बिजली के बेहतर उपयोग के लिए प्रेरित कर रही है. कमरे से निकलते समय लाइट और पंखे बंद करना, एसी व अन्य उपकरणों का सीमित उपयोग और नियमित खपत की निगरानी जैसी छोटी आदतें बिजली बिल कम करने में मददगार साबित हो रही हैं.




