CG News: आत्मनिर्भर गांवों से बनेगा विकसित छत्तीसगढ़, सीएम साय ने जिला पंचायत CEO को दिए अहम निर्देश
CG News: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जिला पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों की बैठक में ग्रामीण विकास को लेकर अहम निर्देश दिए हैं. उन्होंने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ का सपना तभी पूरा होगा, जब गांव आत्मनिर्भर, मजबूत और आर्थिक रूप से सक्षम बनेंगे.

योजनाओं का लाभ पहुंचे अंतिम व्यक्ति तक
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए. उन्होंने ग्राम पंचायतों को विकास, सामाजिक बदलाव और आत्मनिर्भर ग्रामीण अर्थव्यवस्था का मजबूत केंद्र बनाने पर जोर दिया, मुख्यमंत्री ने विकसित भारत जी राम जी योजना को प्रभावी तरीके से लागू करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि योजना के माध्यम से रोजगार सृजन, जल संरक्षण, ग्रामीण अधोसंरचना और स्थायी परिसंपत्तियों के निर्माण पर विशेष ध्यान दिया जाए.

हर जिले में तैयार होगा मॉडल गांव
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक जिले में ऐसे गांवों का चयन किया जाए, जिन्हें जनभागीदारी और स्थानीय संसाधनों के बेहतर उपयोग से आदर्श विकास मॉडल के रूप में विकसित किया जा सके. इससे गांवों में विकास की नई दिशा तय होगी, मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण विकास केवल निर्माण कार्यों तक सीमित नहीं होना चाहिए. जल संरक्षण, भूजल संवर्धन, कृषि, पशुपालन और मत्स्य पालन जैसे क्षेत्रों में बेहतर काम करके गांवों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाया जा सकता है.
लखपति दीदी के बाद करोड़पति दीदी लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में अब तक 10 लाख 40 हजार से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं. अब सरकार का लक्ष्य महिलाओं को कौशल विकास, उद्यमिता और स्वरोजगार से जोड़कर करोड़पति दीदी बनाने का है, मुख्यमंत्री ने बस्तर संभाग के अधिकारियों से कहा कि दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों में विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जाए. उन्होंने कहा कि सड़क, बिजली, आवास, शिक्षा, स्वास्थ्य और पेयजल जैसी सुविधाएं हर गांव तक पहुंचनी चाहिए.
पीएम आवास और सूर्यघर योजना पर फोकस
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना के लंबित कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए. साथ ही प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का प्रचार बढ़ाने और ज्यादा से ज्यादा परिवारों को सौर ऊर्जा से जोड़ने पर भी जोर दिया, बैठक में पद्मश्री पोपटराव पवार ने हिवड़े बाजार मॉडल की जानकारी दी. मुख्यमंत्री ने कहा कि जल संरक्षण, जनभागीदारी और संसाधनों के बेहतर प्रबंधन से प्रेरणा लेकर छत्तीसगढ़ में भी स्थानीय जरूरतों के अनुसार विकास मॉडल तैयार किए जाएं.
अधिकारियों से समाज निर्माण की अपील
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि वे अपनी जिम्मेदारी को केवल सरकारी कार्य न समझें, बल्कि समाज निर्माण का अवसर मानकर काम करें. उन्होंने कहा कि एक व्यक्ति का संकल्प भी पूरे समाज में बड़ा बदलाव ला सकता है, इस बैठक में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और प्रदेश के सभी जिला पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मौजूद रहे. बैठक में ग्रामीण विकास योजनाओं की प्रगति और आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की गई.



