CG News: सरकारी कर्मचारियों को बिना ब्याज मिलेगा अल्पकालिक ऋण, ई-कोष पोर्टल से मिनटों में मिलेगी राशि
CG News: छत्तीसगढ़ सरकार ने सरकारी कर्मचारियों की आकस्मिक आर्थिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए ‘वेतन के विरुद्ध अल्पावधि ऋण योजना’ को लागू किया है. इस योजना के तहत पात्र कर्मचारियों को बिना ब्याज अल्पकालिक ऋण की सुविधा मिल रही है. पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होने से कर्मचारियों को अब कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ रही.

डिजिटल व्यवस्था से मिनटों में मिलेगा ऋण
यह योजना राज्य सरकार के ई-कोष पोर्टल के Employee Corner के माध्यम से संचालित की जा रही है. कर्मचारी ऑनलाइन लॉगिन कर ई-केवाईसी और डिजिटल हस्ताक्षर की प्रक्रिया पूरी करते हैं. आवेदन स्वीकृत होते ही ऋण की राशि सीधे बैंक खाते में ट्रांसफर कर दी जाती है. इससे प्रक्रिया तेज, पारदर्शी और पूरी तरह पेपरलेस बन गई है.

हजारों कर्मचारी उठा चुके हैं लाभ
योजना शुरू होने के बाद बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने इसका लाभ लिया है. शुरुआती दो महीनों में 73 हजार से अधिक कर्मचारियों ने पोर्टल पर पंजीकरण कराया, जबकि 27 हजार से ज्यादा कर्मचारी बिना ब्याज अल्पकालिक ऋण प्राप्त कर चुके हैं. सरकार का कहना है कि इस व्यवस्था से कर्मचारियों को समय पर आर्थिक सहायता मिल रही है.
योजना की प्रमुख सुविधाएं
इस योजना के तहत आकस्मिक जरूरत के समय बिना ब्याज अल्पकालिक ऋण उपलब्ध कराया जाता है. आवेदन पूरी तरह ऑनलाइन है और किसी प्रकार की कागजी प्रक्रिया की आवश्यकता नहीं होती. ऋण की राशि सीधे बैंक खाते में भेजी जाती है और उसकी मासिक किस्त वेतन से स्वतः कट जाती है.
जरूरत पड़ने पर मिलेगा लंबी अवधि का ऋण
यदि किसी कर्मचारी को अधिक राशि की आवश्यकता होती है, तो वह अपने वेतनमान के अनुसार अधिकतम 60 माह तक की अवधि का ऋण भी प्राप्त कर सकता है. यह ऋण सामान्य पर्सनल लोन की तुलना में कम ब्याज दर पर उपलब्ध कराया जाता है, जिससे कर्मचारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ नहीं पड़ता.
कर्मचारी कल्याण और सुशासन को मिलेगा बढ़ावा
सरकार का मानना है कि यह योजना कर्मचारियों को आर्थिक सुरक्षा देने के साथ डिजिटल गवर्नेंस और पारदर्शिता को भी मजबूत करेगी. आकस्मिक परिस्थितियों में त्वरित वित्तीय सहायता मिलने से कर्मचारी बिना आर्थिक तनाव के अपने दायित्वों का बेहतर ढंग से निर्वहन कर सकेंगे.
