CG News: निवेशकों की पहली पसंद बना छत्तीसगढ़, नियमों में आसानी और संस्थागत व्यवस्था में देश में टॉप
CG News: छत्तीसगढ़ अब देश के बड़े राज्यों में निवेश के लिए तेजी से उभरता हुआ राज्य बन रहा है. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में किए गए प्रशासनिक सुधारों और उद्योग हितैषी नीतियों का असर राष्ट्रीय स्तर पर दिखाई देने लगा है. क्रिसिल और नीति आयोग के इन्वेस्टमेंट फ्रेंडलीनेस इंडेक्स 2026 में छत्तीसगढ़ ने नियमों में आसानी और संस्थागत माहौल के क्षेत्र में देश के 17 बड़े राज्यों में पहला स्थान हासिल किया है.
उद्योगों के लिए आसान हुई व्यवस्था
रिपोर्ट के अनुसार छत्तीसगढ़ में कारोबार शुरू करने की प्रक्रिया पहले से ज्यादा सरल हुई है. उद्योगों को मंजूरी, एनओसी, बिजली और पानी कनेक्शन जैसी सुविधाएं तेजी से उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया है. बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था के कारण निवेशकों का भरोसा राज्य में लगातार बढ़ रहा है.
8 लाख करोड़ से ज्यादा निवेश प्रस्ताव मिले
राज्य सरकार के मुताबिक पिछले करीब डेढ़ साल में छत्तीसगढ़ को लगभग 8 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं. इनमें सेमीकंडक्टर, एआई डेटा सेंटर, टेक्सटाइल, फार्मास्युटिकल्स और एग्रो प्रोसेसिंग जैसे भविष्य के उद्योग शामिल हैं. सरकार का दावा है कि इन निवेशों से आने वाले समय में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे, छत्तीसगढ़ ने संस्थागत माहौल के क्षेत्र में भी देश के बड़े राज्यों में पहला स्थान हासिल किया है. बेहतर कानून व्यवस्था, नीतिगत स्थिरता, शिकायतों के समाधान और प्रशासनिक पारदर्शिता को इस सफलता का आधार बताया जा रहा है. इससे उद्योगों को लंबे समय के निवेश के लिए भरोसेमंद वातावरण मिल रहा है.
पर्यावरण और संसाधनों में भी मजबूत स्थिति
राज्य ने पर्यावरणीय लचीलेपन के मामले में भी बेहतर प्रदर्शन किया है. प्राकृतिक आपदाओं से निपटने की क्षमता और औद्योगिक सुरक्षा के कारण छत्तीसगढ़ निवेश के लिए सुरक्षित विकल्प बन रहा है. खनिज संसाधनों, ऊर्जा उपलब्धता और मजबूत वित्तीय प्रबंधन ने भी राज्य की स्थिति को मजबूत किया है, नवा रायपुर में एआई डेटा सेंटर पार्क जैसी परियोजनाओं के जरिए छत्तीसगढ़ डिजिटल अर्थव्यवस्था का नया केंद्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है. सरकार का कहना है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा सेंटर और हाईटेक उद्योगों के लिए राज्य में बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया जा रहा है.
ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में बड़े सुधार
सरकार ने उद्योगों के लिए नियमों को आसान बनाने के लिए कई कदम उठाए हैं. छत्तीसगढ़ जन विश्वास अधिनियम और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस अधिनियम के जरिए छोटे कारोबारियों और उद्योगों पर अनावश्यक नियमों का बोझ कम करने का प्रयास किया गया है. इससे निवेश प्रक्रिया को तेज और पारदर्शी बनाने का दावा किया गया है, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल निवेश लाना नहीं, बल्कि युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाना और राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाना है. उन्होंने कहा कि सुशासन, पारदर्शी व्यवस्था और उद्योग अनुकूल नीतियों के कारण छत्तीसगढ़ देश के भरोसेमंद निवेश केंद्रों में अपनी जगह बना रहा है.

