CG News: अतिवृष्टि प्रभावित इलाकों में राहत अभियान तेज, मुख्यमंत्री साय ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
CG News: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर और जांजगीर-चांपा जिलों में भारी बारिश और जलभराव की स्थिति को देखते हुए सरकार ने राहत और बचाव कार्य तेज कर दिए हैं. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रभावित क्षेत्रों में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और हर जरूरतमंद परिवार तक जल्द से जल्द सहायता पहुंचाई जाए.
राहत सामग्री और जरूरी सुविधाएं पहुंचाने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को निर्देशित किया है कि प्रभावित लोगों को भोजन, पेयजल, दवाइयां और अन्य जरूरी सुविधाएं तुरंत उपलब्ध कराई जाएं. इसके साथ ही जलभराव वाले इलाकों में पानी निकासी की व्यवस्था तेज करने और आम लोगों की परेशानियों को कम करने के लिए सभी संसाधनों का इस्तेमाल करने को कहा गया है.
क्षतिग्रस्त सड़कों और जनसुविधाओं को बहाल करने पर जोर
भारी बारिश के कारण प्रभावित क्षेत्रों में खराब हुई सड़कों और अन्य सुविधाओं को जल्द से जल्द ठीक करने के निर्देश दिए गए हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त संसाधन भी उपलब्ध कराए जाएंगे.
सरकार ने प्रभावित परिवारों को दिया भरोसा
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रदेशवासियों की सुरक्षा सरकार की पहली प्राथमिकता है. अतिवृष्टि से प्रभावित लोगों को समय पर राहत पहुंचाने के लिए प्रशासन पूरी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ काम कर रहा है. सरकार का प्रयास है कि प्रभावित क्षेत्रों में जल्द से जल्द जनजीवन सामान्य हो सके.

