CG News: स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए छत्तीसगढ़ सरकार की गाइडलाइन जारी, ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पर होगा विशेष आयोजन
CG News: छत्तीसगढ़ शासन ने स्वतंत्रता दिवस 2026 को पूरे प्रदेश में गरिमामय, भव्य और प्रेरणादायी तरीके से मनाने के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं. इस वर्ष का आयोजन विशेष रहेगा, क्योंकि राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. सभी जिलों के कलेक्टरों और विभागीय अधिकारियों को तैयारियों की निगरानी और सफल आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं.
रायपुर में मुख्यमंत्री करेंगे ध्वजारोहण
राजधानी रायपुर के स्थानीय पुलिस परेड ग्राउंड में 15 अगस्त की सुबह 9 बजे राज्य स्तरीय मुख्य समारोह आयोजित होगा. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे, परेड की सलामी लेंगे और प्रदेशवासियों के नाम संदेश देंगे. समारोह में बीएसएफ, सीआरपीएफ, सीआईएसएफ, आईटीबीपी, एसएसबी, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, नगर सेना, एनसीसी और बैंड प्लाटून की टुकड़ियां हिस्सा लेंगी. सभी शासकीय कार्यक्रमों में ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन भी अनिवार्य रहेगा.
जिला और पंचायत स्तर पर भी होंगे समारोह
प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में शासन द्वारा नामित मंत्री ध्वजारोहण करेंगे और मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन करेंगे. स्कूली बच्चों की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाएंगे. वहीं जनपद पंचायतों, नगर पालिकाओं, ग्राम पंचायतों और बड़े गांवों में संबंधित अध्यक्ष, सरपंच और जनप्रतिनिधि ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश देंगे, राज्य सरकार ने जिला कलेक्टरों को निर्देश दिए हैं कि जिला स्तरीय समारोहों में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और नक्सली हिंसा में शहीद हुए जवानों के परिजनों को विशेष रूप से आमंत्रित कर सम्मानित किया जाए. साथ ही 15 अगस्त को प्रकाशित होने वाले सरकारी विज्ञापन स्वतंत्रता संग्राम के वीरों और छत्तीसगढ़ के शहीदों को समर्पित होंगे.
शासकीय भवनों पर होगी आकर्षक रोशनी
स्वतंत्रता दिवस की रात प्रदेश के सभी शासकीय भवनों, कार्यालयों और राष्ट्रीय महत्व के स्मारकों को आकर्षक रोशनी से सजाया जाएगा. इसका खर्च संबंधित विभाग वहन करेंगे. सरकार ने आम नागरिकों और निजी संस्थानों से भी अपने भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने और रोशनी करने की अपील की है, शासकीय कार्यालयों और शिक्षण संस्थानों में सुबह 9 बजे से पहले ध्वजारोहण, राष्ट्रगान, प्रभात फेरी, सांस्कृतिक कार्यक्रम, साहित्यिक गतिविधियां, खेलकूद और वृक्षारोपण जैसे आयोजन कराए जाएंगे. लाउडस्पीकर के उपयोग के लिए संबंधित कलेक्टर से पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य होगा. साथ ही केवल मर्यादित और देशभक्ति से ओतप्रोत गीतों के प्रसारण की अनुमति होगी.


