CG News: ठेनही बना जिले का पहला सोलर गांव, 71 परिवारों को मिलेगा मुफ्त बिजली का लाभ
CG News: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले का ग्राम ठेनही अब हरित ऊर्जा की नई पहचान बन गया है. प्रधानमंत्री की ‘पीएम सूर्य घर–मुफ्त बिजली योजना’ के तहत ठेनही जिले का पहला गांव बन गया है, जहां सामूहिक सोलर पावर प्लांट स्थापित किया गया है. इस परियोजना से गांव के 71 परिवारों को बिना किसी खर्च के बिजली का लाभ मिलेगा.

142 किलोवॉट क्षमता का सोलर प्लांट तैयार
धमतरी जिले के नगरी विकासखंड स्थित ठेनही गांव में 142 किलोवॉट क्षमता का सामूहिक सोलर प्लांट स्थापित किया गया है. योजना के तहत 71 परिवारों का दो-दो किलोवॉट क्षमता के लिए पंजीयन किया गया है. प्लांट गांव से करीब 50 से 75 मीटर की दूरी पर बनाया गया है और जल्द ही घरों में बिजली कनेक्शन देने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी, जिले में ऐसे 55 गांव चिन्हित किए गए हैं, जहां पक्की छतें नहीं होने के कारण व्यक्तिगत रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाना संभव नहीं है. ऐसे गांवों में सामूहिक सोलर पावर प्लांट स्थापित किए जा रहे हैं. इस योजना के तहत ग्रामीणों से किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा.

ग्रामीणों को मिलेगी बिजली बिल से राहत
गांव के लोगों का कहना है कि पहले हर महीने बिजली बिल की चिंता बनी रहती थी, लेकिन अब इस योजना से आर्थिक राहत मिलेगी. ग्रामीणों का मानना है कि यह परियोजना न केवल बिजली खर्च कम करेगी, बल्कि स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देकर पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी, एक समय नक्सल प्रभावित रहा ठेनही गांव अब ऊर्जा आत्मनिर्भरता की मिसाल बन रहा है. जिला प्रशासन की योजना नगरी विकासखंड के फरसियां, रतावा, दुगली सहित करीब 25 अन्य गांवों में भी इसी मॉडल पर सामूहिक सोलर परियोजनाएं शुरू करने की है.
कलेक्टर ने बताई आगे की योजना
कलेक्टर अविनाश मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में पीएम सूर्य घर–मुफ्त बिजली योजना का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है. आने वाले समय में अधिक से अधिक ग्रामीण परिवारों को इस योजना से जोड़कर धमतरी को हरित, स्वच्छ और ऊर्जा आत्मनिर्भर जिला बनाया जाएगा, ठेनही का सामूहिक सोलर प्लांट केवल एक बिजली परियोजना नहीं, बल्कि ग्रामीण भारत में स्वच्छ ऊर्जा, आत्मनिर्भरता और सतत विकास की नई शुरुआत का प्रतीक है. यह पहल आने वाले समय में प्रदेश के अन्य गांवों के लिए भी प्रेरणादायक मॉडल बन सकती है.



