Jashpur News: मुख्यमंत्री साय ने रवाना किया ‘ट्री ATM’, अब लोगों को मुफ्त मिलेंगे पौधे
Jashpur News: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की दिशा में एक अनूठी पहल शुरू की गई है. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बगिया हेलीपैड परिसर से मोबाइल ‘ट्री ATM’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. इस पहल के तहत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में लोगों को निःशुल्क पौधे उपलब्ध कराए जाएंगे. इसका उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को पौधरोपण से जोड़ना और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना है.
मुख्यमंत्री ने खुद लिया आंवला का पौधा
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्वयं ट्री ATM से आंवला का पौधा प्राप्त किया और उपस्थित लोगों को भी पौधों का वितरण किया. उन्होंने कहा कि यह मोबाइल ट्री ATM गांव-गांव और शहरों तक पहुंचकर लोगों को आसानी से पौधे उपलब्ध कराएगा. इससे जनभागीदारी बढ़ेगी और हरित छत्तीसगढ़ के लक्ष्य को मजबूती मिलेगी.
वर्षा ऋतु में पौधरोपण का सबसे अच्छा अवसर
मुख्यमंत्री ने जशपुर वन विभाग की इस अभिनव पहल की सराहना करते हुए कहा कि वर्षा ऋतु पौधरोपण के लिए सबसे उपयुक्त समय है. ऐसे समय में ट्री ATM लोगों को विभिन्न प्रजातियों के पौधे आसानी से उपलब्ध कराएगा. इससे बड़े स्तर पर पौधरोपण को बढ़ावा मिलेगा और पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों को नई दिशा मिलेगी.
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से जुड़ने की अपील
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ महाअभियान ने पूरे देश में पर्यावरण संरक्षण के प्रति नई जागरूकता पैदा की है. उन्होंने प्रदेशवासियों से इस अभियान से जुड़कर अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि हर नागरिक यदि एक पौधा लगाकर उसे वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखने का संकल्प ले, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और हरित पर्यावरण मिल सकेगा.
सिर्फ पौधे नहीं, संरक्षण की भी मिलेगी जानकारी
‘आज का पौधा, आने वाली पीढ़ियों की छांव’ संदेश के साथ शुरू किए गए इस अभियान में केवल मुफ्त पौधे ही नहीं दिए जाएंगे, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति को पौधरोपण की सही वैज्ञानिक विधि, नियमित देखभाल और संरक्षण की जानकारी भी दी जाएगी. इस पहल का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि उन्हें जीवित रखकर पर्यावरण संरक्षण को स्थायी और प्रभावी बनाना है.




