CG News: अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत सरोना और बालोद रेलवे स्टेशन का होगा लोकार्पण, 17 जुलाई को PM मोदी करेंगे उद्घाटन
CG News: छत्तीसगढ़ में अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित सरोना और बालोद रेलवे स्टेशन का 17 जुलाई को लोकार्पण होगा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से दोनों स्टेशनों का उद्घाटन करेंगे. इससे पहले रायपुर मंडल रेल प्रबंधक दयानंद ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुलाकात कर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की ओर से उद्घाटन समारोह का निमंत्रण सौंपा.
आधुनिक सुविधाओं से लैस हुए दोनों स्टेशन
बैठक के दौरान सरोना और बालोद रेलवे स्टेशनों पर विकसित आधुनिक यात्री सुविधाओं, अधोसंरचना उन्नयन और नए स्वरूप पर विस्तार से चर्चा हुई. अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत स्टेशनों को अधिक सुरक्षित, सुगम और यात्री-अनुकूल बनाया गया है.
CM साय बोले, विकास का नया अध्याय
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना भारतीय रेलवे को आधुनिक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताते हुए कहा कि रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण प्रदेश के विकास, व्यापार, पर्यटन और रोजगार को नई गति देगा.
रेल संपर्क से बढ़ेगा निवेश और व्यापार
मुख्यमंत्री ने कहा कि रेलवे केवल परिवहन का साधन नहीं, बल्कि आर्थिक और सामाजिक विकास की मजबूत कड़ी है. आधुनिक रेल अधोसंरचना के विस्तार से छत्तीसगढ़ में निवेश, उद्योग, व्यापार और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, वहीं यात्रियों को भी बेहतर और सुरक्षित सुविधाएं मिलेंगी.
17 जुलाई को होगा वर्चुअल उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को देशभर में अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित और पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का वर्चुअल लोकार्पण करेंगे. इस योजना का उद्देश्य रेलवे स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं से लैस कर देश की परिवहन व्यवस्था को और अधिक मजबूत एवं यात्री-केंद्रित बनाना है.




