CG News: पंडरिया के सरकारी स्कूलों में पहुंचेगी AI और रोबोटिक्स लैब, 5 हजार विद्यार्थियों को मिलेगा प्रशिक्षण
CG News: छत्तीसगढ़ के पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए आधुनिक तकनीकी शिक्षा का नया दौर शुरू हो गया है. विधायक भावना बोहरा की पहल ‘भावना दीदी की साइंस पाठशाला’ के तहत मोबाइल इमर्जिंग टेक्नोलॉजी लैब का शुभारंभ किया गया. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने विधानसभा परिसर में इस अत्याधुनिक लैब को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.

गांव-गांव पहुंचेगी मोबाइल टेक्नोलॉजी लैब
यह मोबाइल लैब पंडरिया विधानसभा के ग्रामीण, वनांचल और दूरस्थ क्षेत्रों के शासकीय स्कूलों तथा सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालयों तक पहुंचेगी. इसका उद्देश्य उन विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकी शिक्षा उपलब्ध कराना है, जिन्हें अब तक ऐसी सुविधाएं आसानी से नहीं मिल पाती थीं, इस पहल का लक्ष्य एक वर्ष के भीतर करीब 5 हजार विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकी शिक्षा से जोड़ना है. इससे ग्रामीण क्षेत्रों के छात्र भविष्य की तकनीकों, नवाचार और रोजगार के नए अवसरों से परिचित हो सकेंगे.

AI, ड्रोन और रोबोटिक्स का मिलेगा प्रशिक्षण
मोबाइल लैब के साथ पांच विशेषज्ञ प्रशिक्षकों की टीम प्रत्येक विद्यालय में तीन से पांच दिन तक कार्यशाला आयोजित करेगी. इस दौरान विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स, ड्रोन संचालन, एयरोमॉडलिंग, इंटरनेट ऑफ थिंग्स, ऑगमेंटेड रियलिटी, वर्चुअल रियलिटी, 3डी प्रिंटिंग और कोडिंग जैसी अत्याधुनिक तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा, प्रशिक्षण पूरा करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए जाएंगे.
मुख्यमंत्री ने बताई पहल की अहमियत
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि नई शिक्षा व्यवस्था का उद्देश्य केवल किताबों तक सीमित ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को भविष्य की जरूरतों और बदलती तकनीकों के अनुरूप तैयार करना भी है. उन्होंने कहा कि ऐसी पहलें ग्रामीण विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है. जरूरत केवल उचित अवसर और संसाधन उपलब्ध कराने की है. मोबाइल टेक्नोलॉजी लैब विद्यार्थियों को नई तकनीकों को सीखने और भविष्य के लिए तैयार होने का बेहतर अवसर देगी.
भावना बोहरा ने बताई पहल की सोच
विधायक भावना बोहरा ने कहा कि यदि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को आधुनिक संसाधन, तकनीकी शिक्षा और सही मार्गदर्शन मिले, तो वे भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं. इसी उद्देश्य से ‘भावना दीदी की साइंस पाठशाला’ की शुरुआत की गई है, उन्होंने बताया कि पंडरिया विधानसभा में पहले से 10 निःशुल्क बस सेवाओं के माध्यम से 1,500 से अधिक छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए आवागमन की सुविधा दी जा रही है. वहीं ‘लक्ष्य’ निःशुल्क कोचिंग के जरिए करीब 250 विद्यार्थियों को IIT-JEE, NEET और CGPSC जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी कराई जा रही है.



