CG News: बेमेतरा में बनेगी छत्तीसगढ़ की पहली ओपन जेल, सुधार और पुनर्वास पर रहेगा फोकस
CG News: छत्तीसगढ़ में पहली बार ओपन जेल की शुरुआत होने जा रही है. राज्य सरकार ने बेमेतरा जिले के पथर्रा गांव में 10.20 हेक्टेयर भूमि पर ओपन जेल विकसित करने का आदेश जारी कर दिया है. इस जेल में शुरुआती चरण में उन कैदियों को रखा जाएगा, जो 13 साल से अधिक की सजा काट चुके हैं और जिनका आचरण अच्छा रहा है.

सुधार और पुनर्वास पर रहेगा जोर
उप मुख्यमंत्री और गृह मंत्री विजय शर्मा ने कहा कि ओपन जेल का उद्देश्य केवल सजा देना नहीं, बल्कि कैदियों का सुधार और पुनर्वास करना है. यहां उन्हें विभिन्न कार्यों का प्रशिक्षण दिया जाएगा, स्किल डेवलपमेंट कराया जाएगा और आत्मनिर्भर बनने के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे, सरकार का मानना है कि यह व्यवस्था सुधारात्मक न्याय प्रणाली को मजबूत करेगी और कैदियों को समाज की मुख्यधारा से जुड़ने में मदद मिलेगी.
क्या होती है ओपन जेल
ओपन जेल, यानी खुली जेल, ऐसी व्यवस्था होती है जहां कैदियों को ऊंची दीवारों और कड़ी सुरक्षा के बीच नहीं रखा जाता. यहां अच्छे आचरण वाले कैदियों को सीमित निगरानी में रहने की अनुमति दी जाती है, इस दौरान उन्हें रोजगार से जुड़ी गतिविधियों, कौशल प्रशिक्षण और सामाजिक जीवन के लिए तैयार किया जाता है, ताकि रिहाई के बाद वे सामान्य जीवन जी सकें.
ऐसे होगा कैदियों का चयन
ओपन जेल में किन कैदियों को रखा जाएगा, इसका फैसला जेल महानिदेशक, यानी डीजी जेल, की अध्यक्षता वाली समिति करेगी, प्रदेश की विभिन्न जेलों के अधीक्षक पात्र कैदियों के नाम समिति को भेजेंगे. सभी मामलों की जांच और पात्रता की समीक्षा के बाद योग्य पाए जाने वाले कैदियों को ओपन जेल में स्थानांतरित किया जाएगा.
बेमेतरा में तैयार होगी नई व्यवस्था
बेमेतरा के पथर्रा गांव में बनने वाली यह ओपन जेल छत्तीसगढ़ की पहली ऐसी सुधारात्मक जेल होगी. सरकार का लक्ष्य कैदियों को बेहतर जीवन, रोजगार कौशल और समाज में सम्मानजनक पुनर्वास का अवसर उपलब्ध कराना है.




