CG News: पद्म विभूषण डॉ. तीजन बाई को दशगात्र पर श्रद्धांजलि, मुख्यमंत्री साय ने की तीन अहम घोषणाएं
CG News: छत्तीसगढ़ की सुप्रसिद्ध पंडवानी गायिका और पद्म विभूषण डॉ. तीजन बाई के दशगात्र कार्यक्रम में सोमवार को गनियारी गांव में हजारों लोग शामिल हुए. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, कई मंत्री, जनप्रतिनिधि, लोक कलाकार और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की, कार्यक्रम में दुर्ग सांसद विजय बघेल, विधायक अनुज शर्मा, राज्य मंत्री मोना सेन, पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.
![]()
छत्तीसगढ़ ने अपनी अमूल्य धरोहर खो दी: CM साय
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने डॉ. तीजन बाई को छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति की अमूल्य धरोहर बताते हुए कहा कि उन्होंने पंडवानी गायन के माध्यम से देश और दुनिया में प्रदेश की अलग पहचान बनाई, उन्होंने कहा कि तीजन बाई का योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिए हमेशा प्रेरणा का स्रोत रहेगा. मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उनके निधन पर श्रद्धांजलि अर्पित की थी और प्रधानमंत्री ने राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर उनके योगदान को याद किया था.
मुख्यमंत्री ने की तीन बड़ी घोषणाएं
दशगात्र कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने डॉ. तीजन बाई की स्मृति में तीन महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं.
• लोक कला के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले कलाकारों को अब ‘डॉ. तीजन बाई राज्य अलंकरण पुरस्कार’ से सम्मानित किया जाएगा.
• गनियारी गांव के स्कूल का नाम डॉ. तीजन बाई के नाम पर रखा जाएगा.
• डॉ. तीजन बाई का प्रिय तंबूरा रायपुर स्थित संग्रहालय में संरक्षित रखा जाएगा, ताकि आने वाली पीढ़ियां उनके जीवन और योगदान से प्रेरणा ले सकें.
5 जुलाई को हुआ था निधन
पद्म विभूषण डॉ. तीजन बाई का 5 जुलाई 2026 को रायपुर स्थित एम्स में निधन हो गया था. उनके निधन से लोक कला जगत को अपूरणीय क्षति पहुंची है, दशगात्र कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने उपस्थित होकर महान लोक कलाकार को श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके अमूल्य योगदान को याद किया.



