CG News: डबल इंजन सरकार का बड़ा तोहफा, छत्तीसगढ़ में खुलेंगे 5 नए सरकारी मेडिकल कॉलेज
CG News: छत्तीसगढ़ में चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि सामने आई है. राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग यानी NMC ने प्रदेश में 5 नए शासकीय मेडिकल कॉलेजों की स्थापना को मंजूरी दे दी है. गीदम दंतेवाड़ा, कुनकुरी जशपुर, मनेन्द्रगढ़, जांजगीर-चांपा और कबीरधाम में खुलने वाले इन मेडिकल कॉलेजों में 50-50 एमबीबीएस सीटें होंगी. इसके साथ ही राज्य में एक साथ 250 नई एमबीबीएस सीटों का विस्तार होगा.
मुख्यमंत्री साय ने जताया आभार
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस उपलब्धि को छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा के विकास का ऐतिहासिक पड़ाव बताया. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है.
दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचेगी बेहतर स्वास्थ्य सुविधा
मुख्यमंत्री ने कहा कि गीदम दंतेवाड़ा से लेकर कुनकुरी जशपुर जैसे दूरस्थ और आदिवासी क्षेत्रों में मेडिकल कॉलेजों की स्थापना विकास की नई दिशा तय करेगी. उन्होंने कहा कि यह केवल नए संस्थानों की शुरुआत नहीं है, बल्कि प्रदेश के युवाओं को डॉक्टर बनने के अधिक अवसर देने और ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम है.
युवाओं को मिलेगा मेडिकल शिक्षा का नया अवसर
नए मेडिकल कॉलेजों के शुरू होने से छत्तीसगढ़ के विद्यार्थियों को अपने ही राज्य में चिकित्सा शिक्षा के ज्यादा अवसर मिलेंगे. इससे मेडिकल सीटों की संख्या बढ़ेगी और डॉक्टरों की नई पीढ़ी तैयार होगी. साथ ही स्थानीय स्तर पर विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता भी बढ़ने की उम्मीद है, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि ये मेडिकल कॉलेज आने वाले समय में चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान और विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं के केंद्र बनेंगे. इससे प्रदेश के ग्रामीण और दूरस्थ इलाकों में इलाज की सुविधाओं को मजबूती मिलेगी.
डबल इंजन सरकार के विकास मॉडल पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में लगातार बड़े फैसले ले रही है. उन्होंने कहा कि प्रदेश के अंतिम छोर तक विकास और सुविधाएं पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है, 5 नए मेडिकल कॉलेजों की मंजूरी को मुख्यमंत्री ने विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया. उन्होंने विश्वास जताया कि यह पहल प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी और युवाओं के सपनों को नई उड़ान देगी.



