CG News: पंडवानी की महान गायिका डॉ. तीजन बाई के निधन से शोक में छत्तीसगढ़, मुख्यमंत्री साय ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि
CG News: छत्तीसगढ़ विधानसभा के पावस सत्र में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विश्वविख्यात पंडवानी गायिका और पद्म विभूषण से सम्मानित डॉ. तीजन बाई के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया. मुख्यमंत्री ने सदन की ओर से उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की.
तीजन बाई के निधन से कला जगत को अपूरणीय क्षति
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि डॉ. तीजन बाई के निधन से छत्तीसगढ़ ने अपनी लोकसंस्कृति का एक अनमोल रत्न खो दिया है. उन्होंने कहा कि भारतीय लोककला और सांस्कृतिक क्षेत्र में तीजन बाई का योगदान हमेशा याद किया जाएगा, उनकी कमी को कभी पूरा नहीं किया जा सकता.
पंडवानी को विश्व मंच तक पहुंचाने में निभाई अहम भूमिका
मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. तीजन बाई ने पंडवानी गायन की कापालिक शैली को नई पहचान दिलाई. उनकी दमदार आवाज, अभिनय क्षमता और प्रभावशाली प्रस्तुति ने देश और दुनिया के दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया. उन्होंने छत्तीसगढ़ की लोककला को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.
संघर्ष और समर्पण की मिसाल थीं तीजन बाई
सीएम साय ने कहा कि डॉ. तीजन बाई का जीवन संघर्ष, मेहनत और साधना का प्रेरणादायक उदाहरण है. जिस समय महिलाओं का पंडवानी गायन में आना आसान नहीं था, उस दौर में उन्होंने सामाजिक रूढ़ियों को चुनौती दी और अपनी अलग पहचान बनाई.
देश विदेश में बढ़ाया छत्तीसगढ़ का गौरव
मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. तीजन बाई ने एशिया, यूरोप सहित कई देशों में अपनी प्रस्तुतियां देकर छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत को दुनिया तक पहुंचाया. उनके अद्भुत योगदान के लिए उन्हें पद्मश्री, पद्मभूषण, संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार सहित कई सम्मान मिले. साल 2019 में भारत सरकार ने उन्हें देश के दूसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म विभूषण से सम्मानित किया, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बताया कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कई केंद्रीय मंत्रियों ने भी डॉ. तीजन बाई के निधन पर शोक व्यक्त किया है. उन्होंने कहा कि तीजन बाई की कला और साधना आने वाली पीढ़ियों को अपनी संस्कृति से जुड़े रहने की प्रेरणा देती रहेगी.
लोकसंस्कृति के संरक्षण में अमूल्य योगदान
सीएम साय ने कहा कि डॉ. तीजन बाई का योगदान भारतीय लोकसंगीत और संस्कृति के इतिहास में हमेशा स्वर्ण अक्षरों में दर्ज रहेगा. उनकी कला, साधना और समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बने रहेंगे, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विधानसभा में दिवंगत डॉ. तीजन बाई को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति की प्रार्थना की. उन्होंने शोक संतप्त परिवार और उनके लाखों प्रशंसकों को इस दुख की घड़ी में शक्ति प्रदान करने की कामना की.




