CG News: बीजापुर जिला अस्पताल की बड़ी सफलता, जन्मजात होंठ की विकृति से पीड़ित युवती का सफल ऑपरेशन
CG News: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले से स्वास्थ्य सेवाओं की एक प्रेरणादायक कहानी सामने आई है. बासागुड़ा गांव की 22 वर्षीय भीमे हेमला, जो जन्म से होंठ की जन्मजात विकृति, क्लेफ्ट लिप, से पीड़ित थीं, उनका जिला अस्पताल में सफल ऑपरेशन किया गया. सर्जरी के बाद अब वह सामान्य जीवन जी रही हैं और उनके चेहरे पर फिर से मुस्कान लौट आई है, जन्मजात विकृति के कारण भीमे हेमला को स्पष्ट रूप से बोलने, भोजन करने और निगलने में काफी कठिनाई होती थी. इस समस्या का असर उनके आत्मविश्वास और दैनिक जीवन पर भी पड़ रहा था. इलाज के लिए उन्होंने जिला अस्पताल बीजापुर में संपर्क किया, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों ने उनकी जांच के बाद सर्जरी का निर्णय लिया.
विशेषज्ञ टीम ने किया सफल ऑपरेशन
जिला अस्पताल में ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. विभू तिवारी के नेतृत्व में स्थानीय एनेस्थीसिया के तहत सफल सर्जरी की गई. ऑपरेशन में डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और स्वास्थ्य कर्मियों की टीम ने समन्वित रूप से काम किया, जिससे जटिल शल्य चिकित्सा सफलतापूर्वक पूरी हुई, सर्जरी के बाद भीमे हेमला के स्वास्थ्य में उल्लेखनीय सुधार हुआ है. अब उन्हें बोलने, खाना खाने और निगलने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होती. सफल उपचार से उनका आत्मविश्वास भी बढ़ा है और वह सामान्य व सम्मानजनक जीवन की ओर आगे बढ़ रही हैं.
जिला अस्पताल में मिल रही विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, बीजापुर जिला अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है. इससे दूरस्थ और आदिवासी क्षेत्रों के मरीजों को अपने जिले में ही गुणवत्तापूर्ण इलाज मिल रहा है और जटिल सर्जरी के लिए बड़े शहरों पर निर्भरता भी कम हो रही है, भीमे हेमला ने सफल उपचार के बाद खुशी जताते हुए कहा कि अब वह बिना किसी परेशानी के बोल और खाना खा पा रही हैं. उन्होंने जिला अस्पताल के डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ, स्वास्थ्य कर्मियों और छत्तीसगढ़ सरकार का आभार व्यक्त किया, जिनके प्रयासों से उन्हें नया आत्मविश्वास और बेहतर जीवन मिला.




