CG News: बीजापुर के किसान की अनोखी खेती बनी मिसाल, ऑयल पाम के साथ मूंगफली उगाकर कमाया 70 हजार रुपये का अतिरिक्त मुनाफा
CG News: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले से किसानों के लिए प्रेरणादायक सफलता की कहानी सामने आई है. भोपालपटनम विकासखंड के ग्राम कचनूर के किसान पोटाम गणेश ने ऑयल पाम की खेती के साथ मूंगफली की अंतरवर्तीय खेती अपनाकर अतिरिक्त आय हासिल की है. इस नई खेती पद्धति से उन्हें 70 हजार रुपये का शुद्ध लाभ हुआ है.

खाली जमीन का किया बेहतर उपयोग
किसान पोटाम गणेश ने अपनी 2.20 हेक्टेयर कृषि भूमि पर ऑयल पाम के पौधे लगाए. चूंकि ऑयल पाम को फल देने में कुछ वर्ष लगते हैं, इसलिए शुरुआती समय में पौधों के बीच की खाली जमीन का उपयोग मूंगफली की खेती के लिए किया गया. यह सलाह उन्हें उद्यानिकी विभाग से मिली थी.
30 हजार की लागत, 70 हजार का मुनाफा
मूंगफली की फसल से किसान को करीब 1 लाख रुपये का उत्पादन मूल्य प्राप्त हुआ. खेती में लगभग 30 हजार रुपये की लागत आई, जबकि 70 हजार रुपये का शुद्ध मुनाफा हुआ. इससे मुख्य फसल तैयार होने से पहले ही नियमित आय का स्रोत तैयार हो गया.
अन्य किसानों को भी दी नई तकनीक अपनाने की सलाह
पोटाम गणेश का कहना है कि ऑयल पाम के शुरुआती वर्षों में अंतरवर्तीय खेती किसानों के लिए आर्थिक सहारा बन सकती है. इससे खेती की लागत आसानी से निकल जाती है और परिवार की आय भी बनी रहती है. उन्होंने क्षेत्र के अन्य किसानों से भी इस आधुनिक खेती पद्धति को अपनाने की अपील की.
राष्ट्रीय मिशन से मिल रहा तकनीकी सहयोग
उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों के अनुसार, राष्ट्रीय मिशन ऑन एडिबल ऑयल, ऑयल पाम योजना के तहत किसानों को आधुनिक खेती की तकनीक, प्रशिक्षण और तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा रहा है. विभाग का मानना है कि यह योजना किसानों की आय बढ़ाने के साथ-साथ देश में तिलहन उत्पादन और खाद्य तेलों में आत्मनिर्भरता को भी मजबूती दे रही है.




