CG News: रायपुर के डुमरतराई थोक बाजार फेस-2 का नाम सरदार वल्लभभाई पटेल के नाम पर, मुख्यमंत्री साय ने किया लोकार्पण
CG News: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर को आधुनिक व्यापारिक अधोसंरचना की बड़ी सौगात मिली है. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने डुमरतराई में विकसित नवीन थोक बाजार फेस-2 का लोकार्पण किया. इस मौके पर उन्होंने घोषणा की कि पूरे परिसर का नाम लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के नाम पर रखा जाएगा. साथ ही परिसर में स्टैच्यू ऑफ यूनिटी की तर्ज पर सरदार पटेल की 15 फीट ऊंची प्रतिमा भी स्थापित की जाएगी.
व्यापार और रोजगार को मिलेगी नई रफ्तार
मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक व्यापारिक अधोसंरचना आर्थिक विकास की मजबूत नींव होती है. जहां बेहतर व्यापारिक सुविधाएं उपलब्ध होती हैं, वहां निवेश बढ़ता है, कारोबार का विस्तार होता है और रोजगार के नए अवसर पैदा होते हैं. उन्होंने कहा कि डुमरतराई का यह नया थोक बाजार रायपुर ही नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के व्यापार को नई गति देगा.

36 एकड़ में विकसित आधुनिक परिसर
राष्ट्रीय राजमार्ग-30 के किनारे लगभग 36 एकड़ क्षेत्र में विकसित इस बाजार में चौड़ी सड़कें, पर्याप्त पार्किंग, सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था और आधुनिक व्यापारिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना व्यापारियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करती है और प्रदेश के व्यापारिक ढांचे को मजबूत बनाएगी.
145 करोड़ रुपये से तैयार हुआ फेस-2
डुमरतराई थोक बाजार का निर्माण दो चरणों में किया गया है. पहले चरण में लगभग 76 करोड़ रुपये की लागत से 536 व्यावसायिक दुकानें और हॉल बनाए गए. वहीं दूसरे चरण में लगभग 145 करोड़ रुपये की लागत से 154 स्वतंत्र व्यावसायिक दुकानों का निर्माण किया गया है. दोनों चरण पूरे होने के बाद प्रदेश को एक आधुनिक, सुव्यवस्थित और सर्वसुविधायुक्त थोक व्यापारिक परिसर मिला है.
ईज ऑफ डूइंग बिजनेस पर सरकार का जोर
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के साथ-साथ ईज ऑफ लिविंग पर भी विशेष ध्यान दे रही है. व्यापार, उद्योग और निवेश को बढ़ावा देने के लिए कई सुधार लागू किए गए हैं, जिनका सकारात्मक असर प्रदेश की अर्थव्यवस्था पर दिखाई दे रहा है. उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल अब केवल आवास निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि राज्य की महत्वपूर्ण अधोसंरचना परियोजनाओं में भी सक्रिय भूमिका निभा रहा है.
पर्यावरण मंत्री ने बताया ऐतिहासिक उपलब्धि
आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि वर्ष 2010 में जिस आधुनिक थोक बाजार की परिकल्पना की गई थी, वह अब साकार हो चुकी है. इससे व्यापारियों को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी और रायपुर शहर की यातायात व्यवस्था भी पहले से अधिक सुगम होगी. उन्होंने कहा कि यह परियोजना व्यापार, निवेश और रोजगार सृजन को नई दिशा देने वाली साबित होगी.




