CG News: मुख्य सचिव विकासशील ने विभागीय सचिवों के साथ की समीक्षा बैठक, रिक्त पदों पर भर्ती तेज करने के निर्देश
CG News: छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव विकासशील ने मंत्रालय महानदी भवन में सभी विभागों के सचिवों की उच्च स्तरीय बैठक लेकर शासन की प्रमुख योजनाओं और विभागीय कार्यों की प्रगति की समीक्षा की. बैठक में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, रिक्त पदों पर भर्ती और विभिन्न परियोजनाओं की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई.
रिक्त पदों पर भर्ती में तेजी लाने के निर्देश
मुख्य सचिव ने सभी विभागों को बैकलॉग सहित रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि विभाग अपनी योजनाओं और परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करें, ताकि निर्धारित समय में लक्ष्य पूरे किए जा सकें.
महत्वपूर्ण योजनाओं की हुई समीक्षा
बैठक में ई-ऑफिस, लोक सेवा गारंटी, नियद नेल्लानार डैशबोर्ड, सुघ्घर छत्तीसगढ़, पीएम प्रगति पोर्टल, ई-प्रगति सीजी स्टेट पोर्टल, ई-गजट, सेवा सेतु, ग्रामीण विकास विभाग की योजनाओं और पीएम सूर्य घर बिजली योजना सहित कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई.
भू-अर्जन मामलों में तेजी लाने के निर्देश
मुख्य सचिव ने शासन की महत्वपूर्ण परियोजनाओं से जुड़े भू-अर्जन मामलों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए. उन्होंने अधिकारियों से कहा कि लंबित प्रकरणों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि विकास परियोजनाओं में किसी प्रकार की देरी न हो.
वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में विभिन्न विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव और सचिव शामिल हुए. अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की योजनाओं की प्रगति से मुख्य सचिव को अवगत कराया और आगामी कार्ययोजना पर भी चर्चा की.

