CG News: 8 जुलाई को रायपुर में पद्म विभूषण तीजन बाई को संगीतमय श्रद्धांजलि, लोक कलाकार करेंगे नमन
CG News: पद्म विभूषण से सम्मानित महान पंडवानी गायिका डॉ. तीजन बाई की स्मृति में 8 जुलाई को रायपुर के महंत घासीदास संग्रहालय परिसर स्थित मुक्ताकाशी मंच पर संगीतमय श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. संस्कृति विभाग की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के लोक कलाकार अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे.
मुख्यमंत्री सहित कई गणमान्य होंगे शामिल
दोपहर 2 बजे से शुरू होने वाले इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, अन्य मंत्री, सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि, पद्मश्री और राज्य अलंकरण से सम्मानित कलाकार, साहित्यकार तथा बड़ी संख्या में कला प्रेमी शामिल होंगे.
लोककला के माध्यम से होगा स्मरण
श्रद्धांजलि समारोह में पंडवानी, लोकगायन, गीत-संगीत और अन्य लोककलाओं की प्रस्तुतियां दी जाएंगी. कलाकार अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से डॉ. तीजन बाई के व्यक्तित्व, कला साधना और छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को याद करेंगे.
पंडवानी को दिलाई वैश्विक पहचान
डॉ. तीजन बाई ने अपने पांच दशक से अधिक लंबे कला जीवन में पंडवानी को गांव की चौपाल से अंतरराष्ट्रीय मंचों तक पहुंचाया. अपनी विशिष्ट प्रस्तुति शैली, सशक्त अभिनय और प्रभावशाली गायन के दम पर उन्होंने इस लोककला को विश्वभर में नई पहचान दिलाई. उन्हें पद्मश्री, पद्म भूषण, पद्म विभूषण, संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार और कई राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय सम्मानों से सम्मानित किया गया था.
कला जगत के लिए अपूरणीय क्षति
5 जुलाई 2026 को उनके निधन के बाद कला जगत में शोक की लहर है. संस्कृति विभाग का यह आयोजन उनके अमूल्य योगदान को सम्मान देने और नई पीढ़ी को उनकी विरासत से जोड़ने का प्रयास माना जा रहा है.

