CG News: रायपुर में 103 करोड़ की स्वास्थ्य परियोजनाओं का भूमिपूजन, CM साय बोले, स्वस्थ छत्तीसगढ़ से बनेगा विकसित प्रदेश
CG News: रायपुर स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागृह, चिकित्सा महाविद्यालय में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 103 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली स्वास्थ्य अधोसंरचना परियोजनाओं का भूमिपूजन किया. इस दौरान 200 सीटर छात्रावास, कैंसर भवन के विस्तार और चिकित्सकों व कर्मचारियों के आवासीय परिसर सहित कई महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों की आधारशिला रखी गई.

मुख्यमंत्री बोले, स्वस्थ प्रदेश से होगा विकास
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वस्थ छत्तीसगढ़ ही विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव है. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार लगातार स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा शिक्षा के विस्तार पर काम कर रही है, ताकि मरीजों, मेडिकल विद्यार्थियों और डॉक्टरों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें.
मेडिकल छात्रों को मिली बड़ी सौगात
मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछली बार मेडिकल कॉलेज के दौरे के दौरान विद्यार्थियों ने छात्रावास निर्माण की मांग रखी थी. सरकार ने इस मांग को प्राथमिकता देते हुए आधुनिक छात्रावास निर्माण का कार्य शुरू कर दिया है. उन्होंने मेडिकल विद्यार्थियों से अपील की कि पढ़ाई पूरी करने के बाद वे बस्तर, सरगुजा और अन्य दूरस्थ क्षेत्रों में भी अपनी सेवाएं दें.
कैंसर उपचार सुविधाओं का होगा विस्तार
नई परियोजना के तहत कैंसर भवन का दूसरे से छठे तल तक विस्तार किया जाएगा. यहां आधुनिक लैब, आईसीयू, ऑपरेशन थिएटर, सिंगल रूम और 64-64 बिस्तरों वाले वार्ड विकसित किए जाएंगे, जिससे कैंसर मरीजों को बेहतर और आधुनिक उपचार सुविधाएं मिल सकेंगी, उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने निर्माण एजेंसियों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाएं तय समय से पहले और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरी की जाएं. उन्होंने कहा कि ये परियोजनाएं प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को नई ऊंचाई देंगी.
स्वास्थ्य क्षेत्र में तेजी से हो रहा विकास
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि प्रदेश में नए मेडिकल कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज, फिजियोथेरेपी संस्थान और योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा केंद्रों का तेजी से विस्तार किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि जगदलपुर में जल्द ही प्रदेश का दूसरा सबसे बड़ा हार्ट सेंटर भी स्थापित किया जाएगा.

