CG News: छत्तीसगढ़ सरकार का बड़ा फैसला, गनियारी के सरकारी स्कूल का नाम होगा डॉ. तीजन बाई के नाम पर
CG News: छत्तीसगढ़ के स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने विश्वविख्यात पंडवानी गायिका और पद्मविभूषण सम्मान से अलंकृत डॉ. तीजन बाई को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की. वे उनके गृहग्राम गनियारी पहुंचे, जहां उन्होंने पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित किए और अंतिम यात्रा तथा दाह संस्कार कार्यक्रम में शामिल होकर श्रद्धासुमन अर्पित किए.

स्कूल का नाम होगा डॉ. तीजन बाई के नाम पर
श्रद्धांजलि सभा के दौरान शिक्षा मंत्री ने घोषणा की कि गनियारी स्थित शासकीय हाई-हायर सेकेंडरी स्कूल का नाम बदलकर डॉ. तीजन बाई शासकीय हाई-हायर सेकेंडरी विद्यालय, गनियारी रखा जाएगा. उन्होंने कहा कि यह निर्णय महान लोककलाकार के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगा.
लोकसंस्कृति को दिलाई वैश्विक पहचान
शिक्षा मंत्री ने कहा कि डॉ. तीजन बाई ने अपनी कला साधना, ओजस्वी प्रस्तुति और आजीवन समर्पण से छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति को राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी विशिष्ट पहचान दिलाई. उनका योगदान प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत का अमूल्य हिस्सा है, उन्होंने कहा कि डॉ. तीजन बाई का पूरा जीवन लोककला, संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के लिए समर्पित रहा. उनका संघर्ष, साधना और उपलब्धियां आने वाली पीढ़ियों को हमेशा प्रेरित करती रहेंगी.
राज्य सरकार का सम्मानपूर्ण निर्णय
शिक्षा मंत्री ने कहा कि स्कूल का नामकरण केवल एक औपचारिक निर्णय नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की महान लोककलाकार को सच्ची श्रद्धांजलि है. इससे विद्यार्थियों और नई पीढ़ी को डॉ. तीजन बाई के प्रेरणादायी व्यक्तित्व और सांस्कृतिक योगदान को जानने और समझने का अवसर मिलेगा.
