CG News: सुकमा में शुरू हुआ VBGRAM-G अभियान, 125 दिन रोजगार और 300 रुपये दैनिक मजदूरी का मिलेगा लाभ
CG News: छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में ग्रामीण विकास और रोजगार को नई दिशा देने के उद्देश्य से विकसित भारत जी-राम-जी (VBGRAM-G) अभियान की शुरुआत की गई। इस अभियान के तहत ग्रामीण परिवारों को अधिक रोजगार, बढ़ी हुई मजदूरी और विकास कार्यों में भागीदारी का अवसर मिलेगा।

125 दिनों तक रोजगार की गारंटी
नई योजना के तहत पात्र ग्रामीण परिवारों को अब 100 दिनों की जगह 125 दिनों तक रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। यदि निर्धारित समय में रोजगार नहीं मिलता है, तो पात्र हितग्राहियों को बेरोजगारी भत्ता देने का भी प्रावधान किया गया है, योजना के तहत ग्रामीण श्रमिकों की दैनिक मजदूरी बढ़ाकर 300 रुपये कर दी गई है। पहले यह राशि 262 रुपये प्रतिदिन थी। बढ़ी हुई मजदूरी से श्रमिक परिवारों की आय में सुधार और आर्थिक मजबूती मिलने की उम्मीद है।
इन विकास कार्यों को मिलेगी प्राथमिकता
VBGRAM-G अभियान के अंतर्गत जल संरक्षण, सिंचाई, ग्रामीण सड़कें, बाढ़ प्रबंधन, प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण और आजीविका बढ़ाने वाले कार्यों पर विशेष जोर दिया जाएगा। साथ ही टिकाऊ परिसंपत्तियों के निर्माण को भी बढ़ावा मिलेगा, योजना के प्रभावी संचालन के लिए ग्राम पंचायतों और ग्राम सभाओं की भागीदारी को महत्वपूर्ण माना गया है। स्थानीय जरूरतों के आधार पर विकास कार्यों की योजना तैयार की जाएगी, जिससे गांवों का समग्र विकास सुनिश्चित हो सके।
जवाबदेही और पारदर्शिता पर फोकस
अधिकारियों ने बताया कि योजना के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए डिजिटल प्रणाली और जवाबदेही पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि लाभ सीधे पात्र लोगों तक पहुंच सके, अभियान के तहत 2 जुलाई को राज्य स्तरीय कार्यक्रम के साथ जिला स्तर पर भी विशेष आयोजन किए जाएंगे। प्रशासन का मानना है कि यह पहल ग्रामीण रोजगार, बुनियादी विकास और आत्मनिर्भर गांवों के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

