CG News: नमो ड्रोन दीदी योजना: जशपुर की महिलाएं सीख रहीं ड्रोन तकनीक, किसानों को देंगी आधुनिक कृषि सेवाएं
CG News: छत्तीसगढ़ में महिलाओं के सशक्तिकरण और आधुनिक कृषि को बढ़ावा देने के लिए नमो ड्रोन दीदी योजना के तहत जशपुर जिले की स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को ड्रोन संचालन का विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। यह पहल महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ कृषि क्षेत्र में नई तकनीकों के उपयोग को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

रायपुर में ले रहीं विशेष प्रशिक्षण
चयनित महिलाएं रायपुर स्थित आईटीएम विश्वविद्यालय में ड्रोन संचालन और रिमोट पायलटिंग का प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें आधुनिक कृषि तकनीकों और ड्रोन आधारित सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी जा रही है।

ड्रोन तकनीक की बारीकियां सीख रहीं ‘ड्रोन दीदी’
प्रशिक्षण कार्यक्रम में महिलाओं को ड्रोन की संरचना, सुरक्षित उड़ान संचालन, रिमोट पायलटिंग, रखरखाव और कृषि कार्यों में इसके उपयोग की जानकारी दी जा रही है। इसके साथ ही फसलों में उर्वरक और कीटनाशकों के वैज्ञानिक छिड़काव की तकनीक भी सिखाई जा रही है, प्रशिक्षण पूरा होने के बाद ड्रोन दीदियां जिले के किसानों को ड्रोन आधारित कृषि सेवाएं उपलब्ध कराएंगी। इसके जरिए नैनो उर्वरक, कीटनाशक छिड़काव और अन्य कृषि कार्य कम समय में अधिक प्रभावी तरीके से किए जा सकेंगे।
खेती में घटेगी लागत, बढ़ेगा उत्पादन
ड्रोन तकनीक के उपयोग से किसानों को समय और श्रम की बचत होगी। साथ ही उर्वरकों और कीटनाशकों का सटीक उपयोग होने से लागत कम होगी और उत्पादन क्षमता में वृद्धि की संभावना बढ़ेगी, हाल ही में जशपुर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रशिक्षण के लिए रवाना हो रही ड्रोन दीदियों की बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। इससे पहले लखपति दीदी कार्यक्रम में महिलाओं को ड्रोन और आधुनिक सॉयल टेस्टिंग मशीनें भी उपलब्ध कराई गई थीं।
महिला सशक्तिकरण को मिलेगा नया आयाम
कृषि विभाग का मानना है कि यह पहल महिलाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा करेगी। साथ ही तकनीक आधारित खेती को बढ़ावा देकर किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में भी मदद मिलेगी, ड्रोन दीदी योजना के जरिए जशपुर में आधुनिक और वैज्ञानिक खेती को नई दिशा मिलने की उम्मीद है। यह पहल महिलाओं को तकनीकी रूप से सक्षम बनाने के साथ कृषि क्षेत्र में नवाचार का नया अध्याय भी लिख रही है।

