CG News: यूपीएससी प्रीलिम्स में सफल 13 विद्यार्थियों से मिले मुख्यमंत्री साय, बोले- यह पूरे छत्तीसगढ़ का गौरव
CG News: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नई दिल्ली स्थित छत्तीसगढ़ सदन में संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की प्रारंभिक परीक्षा 2026 में सफल हुए ट्राइबल यूथ हॉस्टल, द्वारका के विद्यार्थियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया। मुख्यमंत्री ने सभी सफल अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उपलब्धि केवल उनकी व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ के मेहनतकश परिवारों के सपनों और संघर्ष का सम्मान भी है।

प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन विद्यार्थियों की सफलता साबित करती है कि प्रतिभा कभी भी आर्थिक स्थिति या पारिवारिक पृष्ठभूमि पर निर्भर नहीं होती। किसी के पिता किसान हैं, कोई राजमिस्त्री परिवार से आता है तो कोई शिक्षक का बेटा है, लेकिन सभी ने अपनी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के दम पर देश की सबसे प्रतिष्ठित परीक्षा के पहले चरण में सफलता हासिल की है, मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से उनकी तैयारी, संघर्ष और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की। विद्यार्थियों ने बताया कि ट्राइबल यूथ हॉस्टल में उपलब्ध अध्ययन वातावरण, मार्गदर्शन और सुविधाओं ने उन्हें बड़े लक्ष्य निर्धारित करने और उन्हें हासिल करने का आत्मविश्वास दिया।

मुख्य परीक्षा पर फोकस रखने की सलाह
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रारंभिक परीक्षा की सफलता महत्वपूर्ण है, लेकिन असली लक्ष्य मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार में उत्कृष्ट प्रदर्शन करना है। उन्होंने विद्यार्थियों को समय प्रबंधन, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ तैयारी जारी रखने की सलाह दी, मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशासनिक सेवाएं केवल प्रतिष्ठित करियर नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र की सेवा का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपेक्षा की कि वे भविष्य में प्रशासनिक दायित्व निभाते समय संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देंगे।
ट्राइबल यूथ हॉस्टल की क्षमता बढ़ी
मुख्यमंत्री ने बताया कि वंचित और प्रतिभाशाली युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नई दिल्ली स्थित ट्राइबल यूथ हॉस्टल की सीट क्षमता 50 से बढ़ाकर 200 कर दी गई है। इससे दूरस्थ जनजातीय और ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को राजधानी दिल्ली में रहकर यूपीएससी सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का बेहतर अवसर मिल रहा है, यूपीएससी सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2026 में ट्राइबल यूथ हॉस्टल, द्वारका में रहकर तैयारी कर रहे 13 अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल की है। इनमें अधिकांश विद्यार्थी जनजातीय, ग्रामीण और सामाजिक रूप से वंचित वर्गों से आते हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपने परिश्रम और प्रतिभा के बल पर यह उपलब्धि हासिल कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है।
युवाओं को बताया विकसित छत्तीसगढ़ की ताकत
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ का सबसे मजबूत आधार शिक्षित, जागरूक और सक्षम युवा हैं। राज्य सरकार का प्रयास है कि प्रदेश का हर प्रतिभाशाली विद्यार्थी अपनी क्षमता के अनुसार आगे बढ़े और देश की सर्वोच्च सेवाओं में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करे, इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल भी मौजूद रहे। दोनों मंत्रियों ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए मुख्य परीक्षा के लिए शुभकामनाएं दीं और उन्हें आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
