CG News: छत्तीसगढ़ उच्च शिक्षा में बड़ा सुधार! समय पर होंगी परीक्षाएं, छात्रों के लिए बनेगा हेल्प डेस्क
CG News: छत्तीसगढ़ में नए शिक्षा सत्र से उच्च शिक्षा व्यवस्था को अधिक अनुशासित और पारदर्शी बनाने की तैयारी है। समय पर प्रवेश, नियमित पढ़ाई, तय समय पर परीक्षाएं और परिणाम सुनिश्चित किए जाएंगे। छात्रों की समस्याओं के समाधान के लिए हेल्प डेस्क बनाया जाएगा, जबकि कॉलेजों में NEP 2020 का सख्ती से पालन होगा।
समय पर प्रवेश और परीक्षाओं पर रहेगा फोकस
नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के साथ छत्तीसगढ़ सरकार उच्च शिक्षा व्यवस्था में बड़े सुधार की तैयारी कर रही है। उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने सभी महाविद्यालयों के प्राचार्यों, शिक्षकों और कर्मचारियों को शुभकामनाएं देते हुए निर्देश दिए हैं कि पूरे सत्र में शैक्षणिक कैलेंडर का सख्ती से पालन किया जाए। उन्होंने कहा कि समय पर प्रवेश, नियमित कक्षाएं, समय पर परीक्षाएं और तय समय में परिणाम जारी करना सरकार की प्राथमिकता होगी।
छात्रों की सुविधा के लिए बनेगा हेल्प डेस्क
मंत्री ने बताया कि महाविद्यालयों में विद्यार्थियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए हेल्प डेस्क स्थापित किए जाएंगे। इससे छात्रों को प्रवेश, पढ़ाई या अन्य प्रशासनिक समस्याओं के समाधान के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि मेरिट सूची में नाम आने के बाद निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रवेश लें, ताकि बार-बार प्रवेश तिथि बढ़ाने की आवश्यकता न पड़े और पढ़ाई समय पर शुरू हो सके।
NEP 2020 के साथ गुणवत्ता और अनुशासन पर जोर
उच्च शिक्षा मंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP 2020) का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा। कॉलेजों में डिजिटल गवर्नेंस, नियमित उपस्थिति, स्वच्छ परिसर और बेहतर शैक्षणिक वातावरण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। विद्यार्थियों को सह-शैक्षणिक गतिविधियों में भी भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा, जिससे उनका सर्वांगीण विकास हो सके। उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश की उच्च शिक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी तथा युवाओं को बेहतर भविष्य के अवसर मिलेंगे।



