CG News: छत्तीसगढ़ में ग्रामीण सड़क नेटवर्क होगा और मजबूत, मुख्य सचिव ने दिए सख्त निर्देश
CG News: छत्तीसगढ़ में ग्रामीण क्षेत्रों की सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) की राज्य स्तरीय स्थायी समिति की 28वीं बैठक आयोजित हुई। बैठक में ग्रामीण सड़कों के निर्माण की गुणवत्ता बनाए रखने, कार्यों में तेजी लाने और बिना सड़क वाली बसाहटों को प्राथमिकता से जोड़ने के निर्देश दिए गए।
निर्माण से पहले सर्वे और सभी मंजूरियां अनिवार्य
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी सड़क निर्माण कार्य से पहले विस्तृत जमीनी सर्वे कराया जाए। साथ ही भूमि अधिग्रहण, वन विभाग की अनुमति और अन्य सभी कानूनी प्रक्रियाएं पहले पूरी की जाएं, ताकि निर्माण कार्य के दौरान कोई बाधा न आए। उन्होंने जल जीवन मिशन की पाइपलाइन बिछाने से क्षतिग्रस्त ग्रामीण सड़कों की मरम्मत भी प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरी करने को कहा।

PMGSY फेस-4 में बिना सड़क वाली सभी बसाहटें होंगी शामिल
बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के चौथे चरण के तहत राज्य की उन सभी बसाहटों का सर्वे कराया जाएगा, जहां अब तक पक्की सड़क नहीं पहुंची है। इन बसाहटों को मुख्य सड़क नेटवर्क से जोड़ने के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार की जाएगी, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन और विकास को नई गति मिलेगी।
जनमन योजना में लक्ष्य से बेहतर प्रदर्शन
अधिकारियों ने बताया कि पीएमजीएसवाई के पहले तीन चरणों में अब तक 8,358 सड़कें और लगभग 447 पुल-पुलियों का निर्माण पूरा हो चुका है। वर्ष 2025-26 में बस्तर के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा बलों के सहयोग से 52 लंबित सड़क परियोजनाएं पूरी की गईं तथा फेस-3 के तहत 31 बड़े पुलों का निर्माण भी संपन्न हुआ। वहीं पीएम जनमन योजना के अंतर्गत केंद्र द्वारा निर्धारित 1,372 किलोमीटर के लक्ष्य के मुकाबले राज्य में 1,517 किलोमीटर सड़क निर्माण पूरा किया जा चुका है। पीवीटीजी समुदाय की 872 बसाहटों के लिए स्वीकृत 807 सड़कों में से 366 पूरी हो चुकी हैं, जबकि 429 सड़कों पर तेजी से कार्य जारी है।

