CG News: CM हेल्पलाइन 1076 का असर! एक कॉल पर 24 घंटे में किसान को मिला खाद-बीज, बैंक खाता और KCC
CG News: मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 आम नागरिकों और किसानों की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बनती जा रही है। सरगुजा जिले के ग्राम पंचायत सराईटीकरा निवासी किसान राजनाथ राजवाड़े का मामला इसका उदाहरण है, जहां महज एक फोन कॉल के बाद प्रशासन ने 24 घंटे के भीतर उनकी समस्या का समाधान कर दिया। इससे किसान को खरीफ सीजन की तैयारी समय पर शुरू करने में बड़ी राहत मिली।
खाद की चिंता लेकर हेल्पलाइन पहुंचे किसान
आगामी खरीफ फसल के लिए खाद की व्यवस्था नहीं होने से किसान राजनाथ राजवाड़े परेशान थे। इसी दौरान उन्हें मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 की जानकारी मिली, जिसके बाद उन्होंने अपनी शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही प्रशासन सक्रिय हो गया और महज दो घंटे के भीतर कृषि विभाग की टीम ने किसान से संपर्क कर उनके घर पहुंचकर पूरी स्थिति का जायजा लिया।

प्रशासन ने घर पहुंचकर पूरी कराई जरूरी प्रक्रिया
जांच में सामने आया कि शासकीय योजना के तहत खाद और बीज प्राप्त करने के लिए सहकारी बैंक में खाता तथा किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) होना आवश्यक है। अधिकारियों ने स्वयं पहल करते हुए किसान का सहकारी बैंक में खाता खुलवाया, पासबुक जारी कराई और सभी आवश्यक दस्तावेज तैयार कराए। बैंक का समय समाप्त होने के कारण अगले दिन पूरी प्रक्रिया पूरी कराई गई। इसके बाद किसान का किसान क्रेडिट कार्ड भी शीघ्र जारी कर दिया गया।
किसान ने जताया आभार
केसीसी जारी होते ही किसान को आवश्यक खाद और बीज उपलब्ध करा दिए गए। साथ ही भविष्य में कृषि ऋण और अन्य वित्तीय सुविधाएं प्राप्त करने का रास्ता भी आसान हो गया। बिना किसी कार्यालय के चक्कर लगाए मात्र 24 घंटे में समस्या का समाधान होने पर किसान ने खुशी जताई। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 किसानों और आम नागरिकों के लिए बेहद उपयोगी और भरोसेमंद व्यवस्था साबित हो रही है।


