CG News: चांपा–कोरबा तीसरी रेल लाइन परियोजना से छत्तीसगढ़ के विकास और ऊर्जा सुरक्षा को मिलेगी नई गति
CG News: मुख्यमंत्री साय ने दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अंतर्गत ₹755 करोड़ की लागत से स्वीकृत चांपा–कोरबा तीसरी रेल लाइन परियोजना का स्वागत करते हुए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव के प्रति प्रदेशवासियों की ओर से आभार व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना छत्तीसगढ़ के औद्योगिक विकास, ऊर्जा सुरक्षा और रेल अधोसंरचना को नई मजबूती प्रदान करेगी। उन्होंने इसे डबल इंजन सरकार के समन्वित प्रयासों का परिणाम बताते हुए कहा कि प्रदेश में रेल कनेक्टिविटी का निरंतर और अभूतपूर्व विस्तार हो रहा है।उन्होंने कहा कि परियोजना के पूर्ण होने पर यात्री और माल दोनों परिवहन व्यवस्थाएं अधिक सुगम होंगी। अतिरिक्त रेल लाइन से ट्रेनों का संचालन बेहतर तरीके से हो सकेगा, परिचालन बाधाएं कम होंगी तथा भविष्य में अतिरिक्त यात्री ट्रेनों के संचालन का मार्ग भी प्रशस्त होगा। इससे आम नागरिकों को अधिक सुरक्षित, तेज और सुविधाजनक रेल सेवाएं मिलेंगी।
परियोजना की मुख्य विशेषताएं और बड़े लाभ
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि कोरबा देश की ऊर्जा राजधानी के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है और चांपा–कोरबा रेल खंड साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) तथा महानदी कोलफील्ड्स लिमिटेड (MCL) की खदानों को राष्ट्रीय रेल नेटवर्क से जोड़ने वाली अहम कड़ी है। इस परियोजना से कोयला परिवहन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी और देश की ऊर्जा आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए लॉजिस्टिक व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।
उन्होंने कहा कि यह परियोजना दूरदर्शी सोच का परिणाम है, जो भविष्य की परिवहन आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए तैयार की गई है। इससे माल ढुलाई क्षमता बढ़ेगी और रेल परिचालन अधिक दक्ष एवं प्रभावी होगा।
यात्री सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि इस परियोजना से क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को भी व्यापक लाभ मिलेगा। बेहतर रेल संपर्क से उद्योगों को गति मिलेगी, निवेश आकर्षित होगा, व्यापारिक गतिविधियां बढ़ेंगी और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। इससे कोरबा, जांजगीर–चांपा सहित आसपास के क्षेत्रों के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को नई ऊर्जा मिलेगी।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह परियोजना “विकसित छत्तीसगढ़” और “विकसित भारत” के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। मजबूत रेल नेटवर्क और बेहतर कनेक्टिविटी से छत्तीसगढ़ देश के विकास में और अधिक प्रभावी योगदान देगा।
ऊर्जा राजधानी कोरबा को बड़ी सौगात, बढ़ेगी रेल क्षमता और विकास
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में रेल अधोसंरचना को अभूतपूर्व प्राथमिकता मिली है। राज्य में 51 हजार करोड़ रुपये से अधिक की रेल परियोजनाओं पर कार्य जारी है। वर्ष 2014 से पहले जहां प्रदेश में लगभग 1100 रूट किलोमीटर रेल लाइन थी, वहीं अब यह दोगुनी होकर 2200 रूट किलोमीटर से अधिक होने जा रही है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 में जहां रेल परियोजनाओं के लिए लगभग 300 करोड़ रुपये का बजट मिलता था, वहीं वर्ष 2026-27 में यह बढ़कर 7,470 करोड़ रुपये हो गया है। साथ ही अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत प्रदेश के 32 रेलवे स्टेशनों का 1,680 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिकीकरण किया जा रहा है, जो छत्तीसगढ़ के रेलवे विकास को नई दिशा प्रदान करेगा।
यह भी पढ़े ..CG News: लोकभवन में अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए AI प्रशिक्षण सत्र आयोजित


