CG News: राज्यपाल को भेंट किया दुनिया के सबसे महंगे मियाजाकी आम, बोले- बस्तर को मिलेगी वैश्विक पहचान
CG News: छत्तीसगढ़ के राज्यपाल श्री रमेन डेका से मंगलवार को राजभवन स्थित लोकभवन में जगदलपुर के प्रसिद्ध ‘ट्री मैन’ श्री संपत झा ने सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने राज्यपाल को दुनिया की सबसे महंगी आम प्रजातियों में शामिल मियाजाकी आम भेंट किया। मुलाकात के दौरान बस्तर में इस विशेष किस्म के आम की खेती और उसकी संभावनाओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
ट्री मैन ने भेंट किया दुर्लभ मियाजाकी आम
जगदलपुर के पर्यावरण संरक्षण और पौधरोपण के लिए पहचान बना चुके ‘ट्री मैन’ संपत झा ने राज्यपाल को मियाजाकी आम भेंट कर बस्तर में इसकी सफल खेती की जानकारी दी। यह आम अपनी उत्कृष्ट गुणवत्ता, आकर्षक रंग और अंतरराष्ट्रीय बाजार में ऊंची कीमत के कारण दुनिया की सबसे महंगी आम प्रजातियों में गिना जाता है।
राज्यपाल बोले- किसानों की आय बढ़ाने का बड़ा अवसर
राज्यपाल श्री रमेन डेका ने मियाजाकी आम की खेती को बस्तर क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह फसल किसानों की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। उन्होंने कहा कि यदि वैज्ञानिक तरीके से इसकी खेती का विस्तार किया जाए तो छत्तीसगढ़ के किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के साथ-साथ प्रदेश को अंतरराष्ट्रीय फल बाजार में नई पहचान मिल सकती है।
खेती के विस्तार और वैश्विक मार्केटिंग पर दिया जोर
राज्यपाल ने इस विशेष प्रजाति के आम की खेती को अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचाने, इसकी पैदावार बढ़ाने और राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी मार्केटिंग की दिशा में ठोस प्रयास करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि बस्तर की जलवायु इस किस्म के आम के लिए अनुकूल है और यदि सरकार, कृषि विशेषज्ञ तथा किसान मिलकर कार्य करें तो मियाजाकी आम छत्तीसगढ़ की नई पहचान बन सकता है।

