CG News: छत्तीसगढ़ में 21 जून को भव्य योग दिवस की तैयारी, मुख्य सचिव ने की उच्च स्तरीय समीक्षा
CG News: छत्तीसगढ़ में आगामी 21 जून 2026 को 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस वर्ष की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” निर्धारित की गई है। आयोजन को सफल बनाने के लिए मुख्य सचिव श्री विकासशील ने मंत्रालय (महानदी भवन) में वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक लेकर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की और सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
सरगुजा में होगा राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम
बैठक में बताया गया कि इस वर्ष राज्य स्तरीय मुख्य योग दिवस कार्यक्रम सरगुजा जिले में आयोजित किया जा सकता है। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आयोजन स्थल पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी की जाएं, ताकि कार्यक्रम भव्य और व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके।

ग्राम पंचायत से लेकर जिला स्तर तक होंगे योग कार्यक्रम
मुख्य सचिव ने कहा कि आयुष मंत्रालय के निर्देशों के अनुसार राज्य के सभी जिलों और ग्राम पंचायतों में योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। हर पंचायत स्तर पर अनिवार्य योगाभ्यास सुनिश्चित किया जाए और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी बढ़ाई जाए। इसके लिए आयुष विभाग और समाज कल्याण विभाग को बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।
NEET परीक्षा को ध्यान में रखकर विशेष व्यवस्था के निर्देश
मुख्य सचिव ने कहा कि 21 जून को ही NEET पुनः परीक्षा भी आयोजित की जा रही है, इसलिए यह सुनिश्चित किया जाए कि योग दिवस के कार्यक्रमों से परीक्षा केंद्रों या परीक्षार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। प्रशासन को सभी संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
डिजिटल पंजीयन और गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड की तैयारी
आयुष विभाग के अनुसार इस बार योग दिवस पर व्यापक जनभागीदारी के साथ गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने का प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए 14 जून से ऑनलाइन योग सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। नागरिक टोल-फ्री नंबर 1800-315-7008 पर मिस्ड कॉल देकर पंजीयन कर सकते हैं। साथ ही योग संगम पोर्टल (https://yoga.ayush.gov.in/yoga-sangam) के माध्यम से संस्थाएं पंजीकरण कर कार्यक्रम विवरण और फोटो अपलोड कर सकेंगी।
