CG News: समर्थ भारत कॉन्क्लेव 2026 में राज्यपाल का संबोधन, AI को लेकर दिया बड़ा संदेश
CG News: रायपुर में आयोजित दो दिवसीय समर्थ भारत कॉन्क्लेव 2026 के उद्घाटन सत्र में राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। यह कार्यक्रम डॉ. सी.वी. रमन विश्वविद्यालय, बिलासपुर और आईसेक्ट इंडिया ग्रुप के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया।
![]()
AI को लेकर राज्यपाल का बड़ा संदेश
अपने संबोधन में राज्यपाल ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधुनिक युग की महत्वपूर्ण तकनीक है, लेकिन यह मानव बुद्धि का विकल्प नहीं हो सकती। उन्होंने स्पष्ट कहा कि तकनीक मानव की सहायक है, प्रतिस्थापन नहीं, राज्यपाल ने कहा कि AI और अन्य आधुनिक तकनीकों का उपयोग चिकित्सा, कृषि, शिक्षा और अर्थव्यवस्था जैसे क्षेत्रों में मानव कल्याण के लिए किया जाना चाहिए। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे तकनीक का उपयोग नवाचार और समाज हित में करें।
डिजिटल एडिक्शन पर जताई चिंता
राज्यपाल ने इंटरनेट और डिजिटल तकनीक के बढ़ते उपयोग पर चिंता जताते हुए कहा कि इसके सकारात्मक पहलुओं के साथ नकारात्मक प्रभावों पर भी ध्यान देना जरूरी है। उन्होंने डिजिटल एडिक्शन से बचने की सलाह दी, उन्होंने कहा कि स्टार्टअप और नवाचार केवल आर्थिक विकास का माध्यम नहीं हैं, बल्कि सामाजिक समस्याओं के समाधान का भी महत्वपूर्ण जरिया हैं। इससे रोजगार के नए अवसर पैदा किए जा सकते हैं और दिव्यांगजनों के जीवन को भी आसान बनाया जा सकता है।
ग्रामीण भारत तक तकनीक पहुंचाने की जरूरत
राज्यपाल ने कहा कि भारत के गांवों तक तकनीक और नवाचार का लाभ पहुंचाना आज की आवश्यकता है। उन्होंने छत्तीसगढ़ की आदिवासी संस्कृति और युवाओं की प्रतिभा की सराहना करते हुए उन्हें बेहतर अवसर देने पर जोर दिया, कार्यक्रम में कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि राज्य में तकनीकी शिक्षा को नई दिशा दी जा रही है। एआई आधारित कोर्स शुरू किए गए हैं ताकि युवा नौकरी मांगने वाले नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले बन सकें।
एआई कौशल रथ को दिखाई हरी झंडी
इस अवसर पर राज्यपाल ने एआई कौशल रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह मोबाइल लैब प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर युवाओं और छात्रों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और जनरेटिव AI की जानकारी और प्रशिक्षण प्रदान करेगी, कार्यक्रम में राज्यपाल ने आईसेक्ट के वार्षिक प्रतिवेदन और AI आधारित पुस्तक का विमोचन भी किया। इस कॉन्क्लेव में शिक्षा, उद्योग और प्रशासन से जुड़े कई अधिकारी तथा बड़ी संख्या में प्रतिभागी मौजूद रहे।

