CG News: मुख्यमंत्री साय ने जांजगीर-चांपा में 341 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया
CG News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज जांजगीर-चांपा जिले के नवागढ़ विकासखंड के ग्राम पोंड़ी (राछा) में आयोजित कार्यक्रम में जिलेवासियों को विकास की बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री ने कुल ₹295 करोड़ से अधिक लागत के 341 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया।
182 कार्यों का भूमिपूजन
इसमें ₹70.10 करोड़ से अधिक लागत के 159 कार्यों का लोकार्पण तथा ₹224.90 करोड़ से अधिक लागत के 182 कार्यों का भूमिपूजन शामिल है। इन परियोजनाओं से सड़क, पेयजल, सिंचाई, स्वास्थ्य, नगरीय अधोसंरचना और ग्रामीण विकास जैसे क्षेत्रों में व्यापक सुधार होगा।
![]()
मुख्यमंत्री का सम्बोधन
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह दिन जांजगीर-चांपा जिले के लिए ऐतिहासिक है। इन विकास कार्यों से न केवल आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा, बल्कि लोगों के जीवन स्तर में भी सुधार आएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाना है।
विभागीय कार्य
लोकार्पित और भूमिपूजन किए गए कार्यों में जल संसाधन, लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, नगरीय प्रशासन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, सीजीएमएससी तथा अन्य विभागों की महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं।
जनकल्याण पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास कार्य केवल निर्माण नहीं, बल्कि जनजीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का माध्यम हैं। इन योजनाओं से जिले में रोजगार, सुविधा और आधारभूत ढांचे को नई मजबूती मिलेगी, कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, सांसद कमलेश जांगड़े सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। यह परियोजनाएं जिले के समग्र विकास में मील का पत्थर साबित होंगी।

