CG News: मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना से बदली मासूम आँचल की जिंदगी, AIIMS रायपुर में मिलेगा निःशुल्क इलाज
CG News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशानुरूप संचालित ‘मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना’ एक बार फिर गरीब और जरूरतमंद परिवार के लिए संबल बनकर सामने आई है। इस योजना ने बरमकेला विकासखंड के ग्राम महोदी निवासी नवीन प्रधान के परिवार की जिंदगी में नई उम्मीद जगा दी है।

जन्म से सुनने में असमर्थ थी मासूम
नवीन प्रधान की चार वर्षीय पुत्री आँचल प्रधान जन्म से ही सुनने की क्षमता से वंचित थी। बच्ची की स्थिति को लेकर परिवार लंबे समय से मानसिक और आर्थिक संकट से गुजर रहा था। डॉक्टरों ने बेहतर इलाज और सर्जरी की सलाह दी थी, लेकिन लाखों रुपये का खर्च परिवार की क्षमता से बाहर था, परिवार ने बच्ची के इलाज के लिए हर संभव प्रयास किया, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण कहीं से भी मदद नहीं मिल सकी। अंततः उन्होंने जिला स्वास्थ्य विभाग से सहायता की गुहार लगाई। इसके बाद प्रशासन ने प्रकरण तैयार कर मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत राज्य सरकार को भेजा।
6 लाख रुपये की त्वरित स्वीकृति
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर राज्य शासन ने बिना देरी किए 6 लाख रुपये की सहायता राशि स्वीकृत कर दी। इस सहायता से बच्ची के उपचार का मार्ग पूरी तरह प्रशस्त हो गया है, इस योजना के तहत अब मासूम आँचल का संपूर्ण इलाज राजधानी रायपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में निःशुल्क किया जाएगा। डॉक्टरों के अनुसार आधुनिक उपचार के बाद बच्ची की सुनने की क्षमता वापस आने की संभावना है।
परिवार की आंखों में छलके आंसू
सरकारी सहायता मिलने के बाद बच्ची के पिता नवीन प्रधान भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि आर्थिक तंगी के कारण वे निराश हो चुके थे, लेकिन सरकार की मदद से उनकी बेटी को नया जीवन मिलने जा रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री और प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
योजना बनी जरूरतमंदों के लिए जीवनदाता
यह घटना दर्शाती है कि मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना केवल एक योजना नहीं, बल्कि उन गरीब परिवारों के लिए जीवनदायिनी व्यवस्था है, जो आर्थिक कारणों से इलाज कराने में असमर्थ रहते हैं। यह पहल प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने और अंत्योदय के संकल्प को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

