CG News: लोकभवन में विश्व रक्तदाता दिवस पर राज्यपाल रमेन डेका ने किया रक्तदाताओं का सम्मान, रक्तदान को बताया सबसे बड़ा धर्म
CG News: विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी छत्तीसगढ़ राज्य शाखा द्वारा लोकभवन में स्वैच्छिक रक्तदाताओं के सम्मान में भव्य समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका ने प्रदेश के रक्तदाताओं को सम्मानित किया।

राज्यपाल ने रक्तदान को बताया सबसे बड़ा धर्म
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि मनुष्य का सबसे बड़ा धर्म दूसरे के जीवन की रक्षा करना है और रक्तदान इस सेवा का सर्वोत्तम उदाहरण है। उन्होंने कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई पुण्य नहीं है क्योंकि यह सीधे किसी के जीवन को बचाता है।

30 रक्तदाताओं का हुआ सम्मान
समारोह में प्रदेश के सर्वाधिक रक्तदान करने वाले 30 स्वैच्छिक रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही विभिन्न संगठनों और संस्थाओं के सदस्यों को भी उनके योगदान के लिए सम्मान प्रदान किया गया, कार्यक्रम के दौरान लोकभवन में रक्तदान शिविर भी आयोजित किया गया, जिसमें अधिकारियों, कर्मचारियों और अन्य प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। इससे जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायी रक्त उपलब्ध कराने में मदद मिली।
रक्त की आवश्यकता जीवन बचाने में महत्वपूर्ण
राज्यपाल ने कहा कि रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प नहीं है और यह केवल स्वस्थ व्यक्ति के स्वैच्छिक दान से ही प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि थैलेसीमिया, सिकल सेल, एनीमिया, कैंसर और दुर्घटनाओं जैसी स्थितियों में रक्त जीवन और मृत्यु के बीच अंतर तय करता है।
रेडक्रॉस की भूमिका की सराहना
राज्यपाल ने छत्तीसगढ़ रेडक्रॉस सोसायटी और ब्लड बैंक की टीम की सराहना करते हुए कहा कि संस्था वर्षों से जरूरतमंदों तक जीवनदायी रक्त पहुंचाने का कार्य कर रही है। उन्होंने रक्तदाताओं को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया, कार्यक्रम में रेडक्रॉस चेयरमेन, सचिव, उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष सहित कई पदाधिकारी, अधिकारी, स्वैच्छिक रक्तदाता और सामाजिक संगठन के सदस्य उपस्थित रहे।

