CG News: धरमजयगढ़–पत्थलगांव–लोहरदगा नई रेल लाइन को विशेष परियोजना का दर्जा, जशपुर पहली बार जुड़ेगा रेल नेटवर्क से
CG News: भारत सरकार के रेल मंत्रालय ने धरमजयगढ़–पत्थलगांव–लोहरदगा नई रेल लाइन परियोजना को विशेष रेल परियोजना के रूप में अधिसूचित कर दिया है। करीब 291.881 किलोमीटर लंबी यह महत्वाकांक्षी परियोजना अब निर्माण के चरण की ओर बढ़ने के लिए पूरी तरह तैयार है।
![]()
पहली बार रेल नेटवर्क से जुड़ेगा जशपुर
इस परियोजना के पूरा होने के बाद छत्तीसगढ़ का जशपुर जिला पहली बार सीधे रेल नेटवर्क से जुड़ जाएगा। यह रेल लाइन रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ से शुरू होकर जशपुर के पत्थलगांव होते हुए झारखंड के लोहरदगा तक जाएगी, जिससे पूरे क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होगी।
लंबे समय से थी लोगों की मांग
स्थानीय लोगों द्वारा वर्षों से रेल सुविधा की मांग की जा रही थी। इस परियोजना को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रयासों का परिणाम बताया जा रहा है। रेल मंत्रालय ने इसे राष्ट्रीय अवसंरचना विकास और जनहित को ध्यान में रखते हुए मंजूरी दी है, अब तक जशपुर जिला मुख्य रूप से सड़क परिवहन पर निर्भर था। रेल सुविधा न होने के कारण विद्यार्थियों, किसानों, व्यापारियों और नौकरीपेशा लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। नई रेल लाइन से यात्रा तेज, सुरक्षित और किफायती होगी।
किसानों और व्यापारियों को मिलेगा बड़ा लाभ
जशपुर जिला जैविक खेती, सुगंधित धान, मक्का, दलहन और बागवानी उत्पादों के लिए जाना जाता है। रेल संपर्क बनने से इन उत्पादों को देशभर के बड़े बाजारों तक पहुंचाना आसान होगा, जिससे किसानों को बेहतर दाम और व्यापारियों को नए अवसर मिलेंगे, जशपुर अपने प्राकृतिक सौंदर्य, जलप्रपातों और धार्मिक स्थलों के लिए प्रसिद्ध है। रेल कनेक्टिविटी बढ़ने से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और होटल, ट्रांसपोर्ट व स्थानीय व्यवसायों में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। निर्माण कार्य के दौरान भी बड़ी संख्या में लोगों को रोजगार मिलेगा।
शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाएं होंगी आसान
नई रेल लाइन से छात्रों और मरीजों की यात्रा सुगम होगी। उच्च शिक्षा के लिए बाहर जाने वाले युवाओं और गंभीर मरीजों को रायपुर, बिलासपुर और रांची जैसे बड़े शहरों तक पहुंचने में आसानी होगी, परियोजना की अधिसूचना जारी होने के बाद जशपुर और आसपास के क्षेत्रों में खुशी का माहौल है। लोगों का मानना है कि यह रेल लाइन क्षेत्र के विकास की नई आधारशिला साबित होगी और जशपुर को विकास की मुख्यधारा से जोड़ेगी।
