CG News: भारतीय अंडर-18 हॉकी टीम के एशिया कप विजेता अवि मानिकपुरी ने मुख्यमंत्री साय से की मुलाकात
CG News: भारतीय अंडर-18 हॉकी टीम के एशिया कप विजेता सदस्य अवि मानिकपुरी ने आज राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सौजन्य मुलाकात की। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव भी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने दी बधाई और शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अवि मानिकपुरी को भारतीय टीम की ऐतिहासिक जीत में उनके योगदान के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के युवा खिलाड़ी निरंतर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं और प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं।

युवाओं के लिए बने प्रेरणास्रोत
मुख्यमंत्री ने कहा कि अवि मानिकपुरी की उपलब्धि प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि यह साबित होता है कि सही अवसर और मजबूत संकल्प के साथ छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी विश्व मंच पर अपनी पहचान बना सकते हैं।
सरकार खेलों के विकास के लिए प्रतिबद्ध
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेलों और खिलाड़ियों के विकास के लिए लगातार काम कर रही है। खेल अधोसंरचना को मजबूत किया जा रहा है और खिलाड़ियों को बेहतर संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे वे अपनी प्रतिभा को निखार सकें।
जापान में जीता स्वर्ण पदक
बिलासपुर निवासी अवि मानिकपुरी ने हाल ही में जापान में आयोजित अंडर-18 एशिया कप हॉकी प्रतियोगिता में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया। भारतीय टीम ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता, जिसमें अवि की अहम भूमिका रही, इस अवसर पर छत्तीसगढ़ हॉकी संघ के अध्यक्ष फिरोज अंसारी, महासचिव डॉ. मनीष श्रीवास्तव तथा अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी मृणाल चौबे सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
