CG News: छत्तीसगढ़ में कला और सिनेमा को नई पहचान, मुख्यमंत्री साय का संदेश
CG News: रायपुर में आयोजित डॉक्यूमेंट्री फिल्म निर्माताओं, कलाकारों और प्रतिभाशाली व्यक्तियों के सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि फिल्में केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रभावी माध्यम हैं। कार्यक्रम का आयोजन संस्कृति विभाग और छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम द्वारा किया गया।

सिनेमा समाज परिवर्तन का माध्यम
मुख्यमंत्री ने कहा कि अच्छी फिल्में समाज की सोच को दिशा देती हैं और जागरूकता फैलाती हैं। भारतीय सिनेमा ने हमेशा सामाजिक बदलाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, जिसका उदाहरण ‘मदर इंडिया’ जैसी फिल्में हैं, मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ी फिल्म उद्योग की सराहना करते हुए कहा कि ‘कही देबे संदेश’ जैसी फिल्मों ने सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ मजबूत संदेश दिया है। आज छालीवुड फिल्में न केवल मनोरंजन बल्कि व्यावसायिक सफलता भी हासिल कर रही हैं।

डिजिटल युग में सिनेमा का विस्तार
उन्होंने कहा कि ओटीटी और डिजिटल प्लेटफॉर्म के बढ़ने से फिल्मों की पहुंच व्यापक हुई है। ऐसे में जिम्मेदार और मूल्य आधारित सिनेमा को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है, मुख्यमंत्री ने बताया कि 150 करोड़ रुपये की लागत से चित्रोत्पला फिल्म सिटी और ट्राइबल एवं कल्चरल कन्वेंशन सेंटर का निर्माण किया जा रहा है। इससे राज्य में फिल्म निर्माण, पर्यटन और रोजगार को नई गति मिलेगी।
कलाकारों के सम्मान से बढ़ेगा मनोबल
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे सम्मान समारोह कलाकारों का उत्साह बढ़ाते हैं और नई पीढ़ी को प्रेरित करते हैं। सरकार कला, संस्कृति और सिनेमा के संरक्षण और संवर्धन के लिए प्रतिबद्ध है, कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने गिधनी पाठ (छुरा) में विकास कार्यों के लिए 20 लाख रुपये और धमतरी में सेन समाज भवन निर्माण के लिए 10 लाख रुपये की घोषणा की, इस अवसर पर 11 देशों में सम्मानित डॉक्यूमेंट्री फिल्म ‘छत्तीसगढ़ का भीम – चिंताराम’ का विशेष प्रदर्शन किया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने सराहा।
