CG News: रायपुर में CM साय का बड़ा ऐलान, मछुआरा समाज के विकास और मत्स्य पालन को मिलेगा नया विस्तार
CG News: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि राज्य सरकार मछुआरा समाज के आर्थिक और सामाजिक विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र को आधार बनाकर प्रदेश में जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है।

राष्ट्रीय मछुआरा संघ के कार्यक्रम में पहुंचे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री साय राजधानी रायपुर के सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित राष्ट्रीय मछुआरा संघ के विधानसभा पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण समारोह एवं सामाजिक प्रगति चिंतन सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए समाज हित में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
स्वर्गीय भरत लाल मटियारा को दी श्रद्धांजलि
मुख्यमंत्री ने मछुआरा कल्याण बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष स्वर्गीय भरत लाल मटियारा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि समाज के विकास में उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा, मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रहा है। इसी दिशा में छत्तीसगढ़ सरकार ने भी विजन डॉक्यूमेंट-2047 तैयार किया है।

हसदेव-बांगो में बनेगा आधुनिक एक्वा पार्क
मुख्यमंत्री ने बताया कि हसदेव-बांगो जलाशय में 37 करोड़ रुपए की लागत से एक्वा पार्क विकसित किया जा रहा है। इस परियोजना से मछली उत्पादन, प्रोसेसिंग, निर्यात और मत्स्य पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। वहीं दुधवा जलाशय में वैज्ञानिक पद्धति से तिलापिया और पंगास मछली पालन को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
5 लाख तक का मुफ्त दुर्घटना बीमा
उन्होंने कहा कि मत्स्य सहकारी समितियों के सदस्यों को 5 लाख रुपए तक का निःशुल्क दुर्घटना बीमा प्रदान किया जा रहा है। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले मत्स्य पालकों को राज्योत्सव में प्रतिष्ठित बिलासा देवी केंवट सम्मान से सम्मानित किया जाता है, मुख्यमंत्री ने बताया कि गंगरेल डूबान क्षेत्र समिति को ठेका पद्धति समाप्त कर पुनः मछली पालन की अनुमति प्रदान की गई है। उन्होंने कहा कि मत्स्य पालन किसानों और ग्रामीण परिवारों के लिए आय का महत्वपूर्ण साधन बन सकता है और सरकार इसके विस्तार के लिए हरसंभव सहायता उपलब्ध करा रही है।
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन जल्द होगी शुरू
सुशासन तिहार के अनुभव साझा करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि अब तक 31 जिलों का दौरा कर योजनाओं की जमीनी हकीकत का आकलन किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। इसके लिए जल्द ही मुख्यमंत्री हेल्पलाइन भी शुरू की जाएगी, जहां नागरिक अपनी समस्याएं दर्ज करा सकेंगे।
कृषि मंत्री ने अधिकारियों को दी चेतावनी
कार्यक्रम में कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि मछुआरा समाज का गौरवशाली इतिहास रहा है और प्रदेश में मत्स्य पालन की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि कार्य में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्ष साध्वी निरंजन ज्योति ने समाज के लोगों से नशामुक्ति का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने बच्चों की शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और आगामी जनगणना में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

