CG News: धमतरी में चंद्रनाहू समाज अधिवेशन में CM साय, बच्चों को स्वर्ण प्राशन कर दिया स्वस्थ भविष्य का संदेश
CG News: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रविवार को धमतरी जिले के ग्राम छाती स्थित कृषि उपज मंडी परिसर में आयोजित चंद्रनाहू (चंद्राकर) कुर्मी-क्षत्रिय समाज के केंद्रीय अधिवेशन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने समाज द्वारा लगाए गए विभिन्न प्रदर्शनी एवं जागरूकता स्टॉलों का अवलोकन किया और समाज के प्रतिनिधियों से संवाद भी किया।

बच्चों को कराया स्वर्ण प्राशन संस्कार
अधिवेशन के दौरान मुख्यमंत्री ने बच्चों को स्वर्ण प्राशन संस्कार कराकर स्वस्थ, सशक्त और संस्कारित बाल्य जीवन का संदेश दिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए विभिन्न संस्कारों की समृद्ध परंपरा रही है और स्वर्ण प्राशन उनमें से एक महत्वपूर्ण संस्कार है।
आयुर्वेद में बताया गया है महत्वपूर्ण
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि आयुर्वेद में स्वर्ण प्राशन का विशेष महत्व बताया गया है। यह बच्चों के शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास के साथ-साथ उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करने में सहायक माना जाता है। उन्होंने कहा कि हमारी पारंपरिक ज्ञान प्रणाली आज भी स्वास्थ्य संरक्षण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
आयुर्वेदिक इम्यूनाइजेशन की परंपरा
विशेषज्ञों के अनुसार स्वर्ण प्राशन बच्चों में किए जाने वाले प्रमुख आयुर्वेदिक संस्कारों में शामिल है। जिस प्रकार आधुनिक चिकित्सा पद्धति में टीकाकरण के माध्यम से बच्चों की प्रतिरक्षा क्षमता बढ़ाई जाती है, उसी प्रकार आयुर्वेद में वैदिक काल से स्वर्ण प्राशन को स्वास्थ्य संवर्धन की पारंपरिक प्रक्रिया माना गया है।
सामाजिक एकता और संस्कारों पर चर्चा
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने समाज के पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों से मुलाकात कर सामाजिक एकता, शिक्षा, स्वास्थ्य और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण जैसे विषयों पर चर्चा की। उन्होंने समाज द्वारा बच्चों और युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना भी की, अधिवेशन में कुरूद विधायक अजय चंद्राकर, पूर्व विधायक विनोद चंद्राकर, पूनम चंद्राकर, समाज के केंद्रीय अध्यक्ष दिनेश चंद्राकर सहित अनेक जनप्रतिनिधि, समाज के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में समाजजन मौजूद रहे।
