CG News: धमतरी में चंद्रनाहू समाज के अधिवेशन में CM साय बोले- संगठित और शिक्षित समाज से ही बनेगा आत्मनिर्भर भारत
CG News: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के ग्राम छाती में आयोजित चंद्रनाहू (चंद्राकर) कुर्मी-क्षत्रिय समाज के 55वें केंद्रीय अधिवेशन में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने समाज की संगठनात्मक शक्ति, सामाजिक चेतना और राष्ट्र निर्माण में उसकी भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि संगठित, शिक्षित और जागरूक समाज ही मजबूत राष्ट्र निर्माण की वास्तविक शक्ति होता है।

समाज की एकजुटता से बढ़ता है राष्ट्र का विकास
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोई भी समाज शिक्षा, संगठन, संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारी के बल पर आगे बढ़ता है। चंद्रनाहू समाज ने कृषि, शिक्षा, प्रशासन, राजनीति, सामाजिक सेवा और उद्यमिता जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देकर प्रदेश और देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, उन्होंने कहा कि समाज की नई पीढ़ी शिक्षा, तकनीकी दक्षता और नवाचार के जरिए विकास की नई इबारत लिख रही है, जो पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।

छत्रपति शिवाजी और सरदार पटेल के आदर्शों का उल्लेख
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह वही समाज है जिसने देश को छत्रपति शिवाजी महाराज और लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल जैसे महान व्यक्तित्व दिए हैं। उनके आदर्श आज भी राष्ट्र निर्माण, नेतृत्व और जनसेवा के लिए प्रेरणा देते हैं।

क्षेत्र के विकास के लिए की कई अहम घोषणाएं
अधिवेशन के दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने छाती से झूरानवागांव तक सड़क निर्माण, ग्राम छाती को भविष्य में नगर पंचायत का दर्जा देने की प्रक्रिया शुरू करने, नए हायर सेकेंडरी स्कूल भवन के निर्माण और नवा रायपुर में समाज के सामाजिक भवन के लिए भूमि उपलब्ध कराने की घोषणा की, मुख्यमंत्री की घोषणाओं का कार्यक्रम में मौजूद हजारों लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्वागत किया।

शिक्षा और सम्मान की संस्कृति पर दिया जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज की वास्तविक ताकत होती है और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही सामाजिक एवं आर्थिक प्रगति का आधार बनती है।उन्होंने विद्यार्थियों के लिए संचालित शासकीय योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने का आह्वान किया, उन्होंने समाज द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों, खिलाड़ियों और अधिकारियों के सम्मान को सराहनीय बताते हुए कहा कि सम्मान की संस्कृति युवाओं को आगे बढ़ने और नए कीर्तिमान स्थापित करने के लिए प्रेरित करती है।
नई औद्योगिक नीति का लाभ उठाने की अपील
मुख्यमंत्री ने समाज के उद्यमियों और व्यवसायियों से राज्य सरकार की नई औद्योगिक नीति का अध्ययन करने और निवेश के अवसरों का लाभ उठाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में उद्योगों और निवेश के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया गया है, जिससे रोजगार और आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।
पुस्तक का विमोचन
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने समाज की सांस्कृतिक और साहित्यिक धरोहर पर आधारित पुस्तक ‘अद्भुत श्री तुलसी चरितायणम्’ का विमोचन भी किया। इस अवसर पर प्रशासनिक सेवाओं, शिक्षा, खेल और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभावान छात्र-छात्राओं एवं अधिकारियों का सम्मान किया गया, अधिवेशन में सांसद विजय बघेल, विधायक अजय चंद्राकर, विधायक ललित चंद्राकर, पूर्व विधायक विनोद चंद्राकर सहित समाज के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।
